देश की खबरें | छत्तीसगढ़: पुलिसकर्मी की पत्नी और बेटी की हत्या के मामले में आरोपी के चार साथी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या के आरोप में पकड़े गये व्यक्ति के चार साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूरजपुर, 16 अक्टूबर छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी और बेटी की हत्या के आरोप में पकड़े गये व्यक्ति के चार साथियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए चार लोगों में से एक नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) की सूरजपुर जिला इकाई का अध्यक्ष चंद्रकांत चौधरी (28) है।
एनएसयूआई, कांग्रेस की छात्र शाखा है।
उन्होंने बताया कि तीन अन्य की पहचान आर्यन विश्वकर्मा उर्फ गोल्डी (20), फूल सिंह उर्फ रिंकू (28) और सूरज साहू (23) के रूप में हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्य आरोपी अदातन बदमाश कुलदीप साहू को मंगलवार को झारखंड की सीमा से लगे बलरामपुर जिले से गिरफ्तार किया गया था।
कुलदीप ने 13 अक्टूबर की रात चौधरी, विश्वकर्मा और सिंह के सहयोग से सूरजपुर शहर में एक हेड कॉन्स्टेबल तालिब शेख की 35 वर्षीय पत्नी और 11 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर हत्या कर दी थी।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार रात को कुलदीप ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा के मार्ग पर तैनात आरक्षक घनश्याम सोनवानी पर गर्म तेल फेंक दिया था। इस दौरान तीन अन्य आरोपी चौधरी, विश्वकर्मा और सिंह भी वहां मौजूद थे।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद तालिब शेख और सूरजपुर थाने के अन्य पुलिसकर्मी कुलदीप को पकड़ने के लिए रवाना हुए थे। जब शेख और अन्य पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो आरोपी ने अपने चार पहिया वाहन से उन्हें कुचलने की कोशिश की।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद कुलदीप मौके से भाग गया और पुलिसकर्मी को मारने के इरादे से उसके घर में घुस गया लेकिन उसे घर पर न पाकर उसने उनकी पत्नी और बेटी पर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि साहू ने अपने साथियों की मदद से मां-बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी और उनके शवों को घर से चार किलोमीटर दूर पीढ़ा गांव में फेंक दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इस बीच, पुलिस ने लटोरी चौकी के अंतर्गत करवां गांव के पास कुलदीप और उसके साथियों को रोकने की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं और अपना वाहन वहीं छोड़कर भाग गए।
उन्होंने बताया कि पांचवें आरोपी सूरज ने कथित तौर पर चारों को भागने में मदद की थी।
अधिकारियों ने बताया कि कुलदीप और उसके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि चौधरी को एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 16, 2024 11:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

