देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या, महिला समेत 12 अन्य लोग गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में मंगलवार को 45 वर्षीय एक महिला समेत 12 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सुकमा, 17 सितंबर छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस ने एक ही परिवार के पांच सदस्यों की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में मंगलवार को 45 वर्षीय एक महिला समेत 12 अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 15 सितंबर को जिले के कोंटा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एतकल गांव में भीड़ ने मौसम कन्ना (60), उनकी पत्नी मौसम बीरी, बेटे मौसम बुच्चा (34), बहू मौसम अरजो (32) और बेटी करका लच्छी (43) की जादू-टोना करने के संदेह में पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को एतकल गांव की महिला पोडियाम कन्नी और 11 पुरुषों को भारतीय न्याय संहिता और छत्तीसगढ़ टोनही प्रथा निवारण अधिनियम 2005 की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के मुताबिक, चश्मदीद गवाहों के बयानों और जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है और इस मामले में अब तक 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई लाठी और अन्य हथियार बरामद किये हैं।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 17, 2024 09:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

