देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : दो नर हाथियों के शव बरामद
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और बलरामपुर जिले में वन विभाग ने दो नर हाथियों का शव बरामद किया है। वन विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
रायगढ़/कोरबा, 15 अक्टूबर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ और बलरामपुर जिले में वन विभाग ने दो नर हाथियों का शव बरामद किया है। वन विभाग के अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग ने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत खेनताबहारी गांव के जंगल में शुक्रवार को एक नर हाथी का शव बरामद किया है। वहीं, शनिवार को बलरामपुर जिले के रामानुजगंज के वन वाटिका परिसर में भी एक हाथी का शव बरामद किया गया।
धरमजयगढ़ के वन मंडल अधिकारी अभिषेक जोगावत ने बताया कि ग्रामीणों ने खेनताबहारी गांव के जंगल में एक हाथी के शव होने की जानकारी दी तब घटनास्थल के लिए वन विभाग के दल को रवाना किया गया। बाद में घटनास्थल से एक नर हाथी का शव बरामद किया गया।
जोगावत ने बताया कि हाथी का शव देखकर अनुमान लगाया गया है कि हाथी की मृत्यु कुछ दिनों पहले हुई है।
उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों के बारे में जानकारी मिल सकेगी।
वहीं, बलरामपुर जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रामानुजगंज स्थित वन वाटिका परिसर में एक हाथी के शव होने की सूचना मिलने बाद विभाग को दल को रवाना किया गया था। बाद में शव को बरामद कर उसका पोस्टमार्टम कराया गया।
अधिकारियों ने बताया कि हाथी की उम्र लगभग 35 वर्ष है। विभाग को आशंका है कि हाथी की मौत पहाड़ से उतरने के दौरान गिरने के कारण हुई है। उन्होंने बताया कि हाथी का पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों ने उसके फेफड़े और गुर्दे में परेशानी की भी जानकारी दी है।
अधिकारी ने बताया कि वन विभाग ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)