देश की खबरें | छत्तीसगढ़ : कर चोरी के मामले में व्यवसायी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) विभाग ने बड़े पैमाने पर कर चोरी के मामले में रायपुर के एक व्यवसायी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
रायपुर, एक अप्रैल छत्तीसगढ़ में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) विभाग ने बड़े पैमाने पर कर चोरी के मामले में रायपुर के एक व्यवसायी को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बड़े पैमाने पर कर चोरी के मामले में विभाग ने रायपुर स्थित मेसर्स साईनाथ इंटरप्राइजेज के मालिक बासुदेव मित्तल को गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारियों के मुताबिक, गोपनीय सूचना के आधार पर सीजीएसटी विभाग व केंद्रीय उत्पाद शुल्क कार्यालय के अधिकारियों ने मित्तल के कबीर नगर स्थित परिसर में तलाशी ली थी और इस दौरान वहां से कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए थे।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाया गया है कि मेसर्स साईनाथ एंटरप्राइजेज माल की वास्तविक प्राप्ति के बिना नकली और फर्जी संस्थाओं से अस्वीकार्य इनपुट टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाकर बड़े पैमाने पर जीएसटी की चोरी में लिप्त है।
अधिकारियों के अनुसार, जांच में पाया गया है कि मेसर्स साईनाथ इंटर प्राइजेज ओडिशा स्थित कुछ फर्जी फर्मों द्वारा फर्जी बिलों की व्यवस्था कर फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट ले रहा था।
उन्होंने बताया कि इस तरह फर्म में 31 करोड़ रुपये के मूल्य के माल पर 5.69 करोड़ रुपये के जीएसटी फर्जीवाड़े का पता चला है।
अधिकारियों के मुताबिक, विभाग ने मैसर्स साईनाथ एंटरप्राइजेज के मालिक बासुदेव मित्तल को गिरफ्तार कर लिया है।
हाल के दिनों में सीजीएसटी रायपुर ने कर चोरी करने वालों के खिलाफ और विशेष रूप से फर्जी बिलिंग के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। वित्त वर्ष 2021-22 में ही कर चोरी के 200 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं, जिनके तहत लगभग 650 करोड़ रुपये की कर चोरी का पता चला है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2022 06:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

