देश की खबरें | चेन्नितला ने राहुल गांधी से कांग्रेस की बागडोर संभालने की अपील की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. चेन्नितला ने प्रदेश के वायनाड से सांसद राहुल गांधी को लिखे पत्र में कहा है, 'हम लोग अप्रत्याशित संकट से गुजर रहे हैं । श्रीमती सोनिया गांधी बीमार होने के बावजूद झंझावात भरे इस समय से पार पाने के लिये संघर्ष कर रही हैं।'
चेन्नितला ने प्रदेश के वायनाड से सांसद राहुल गांधी को लिखे पत्र में कहा है, 'हम लोग अप्रत्याशित संकट से गुजर रहे हैं । श्रीमती सोनिया गांधी बीमार होने के बावजूद झंझावात भरे इस समय से पार पाने के लिये संघर्ष कर रही हैं।'
उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन की पहचान देश के संविधान, संसदीय लोकतंत्र, संघवाद और समय पर खरे उतरे आर्थिक तंत्रों को कमजोर करने के पूर्व नियोजित प्रयास हैं ।
कांग्रेस नेता ने लिखा है कि देश के सभी धर्मनिरपेक्ष, उदार और शांति पसंद नागरिकों के मन में हताशा एवं निराशा घर कर रही है और किसी भी कीमत पर इसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए ।
उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी—शाह की जोड़ी ने लोकतंत्र के आधारभूत सिद्धांत को 'नष्ट' कर दिया है जिसके परिणामस्वरूप कर्नाटक एवं मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकारें गिर गयीं ।
चेन्नितला ने दावा किया कि इस तरह की कोशिश राजस्थान में भी की गयी, लेकिन राहुल गांधी के जल्द हरकत में आ जाने से इसे रोका जा सका ।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा की 'कुटिलता और दृढ़ता' का मजबूती से सामना करने के लिये पार्टी में शीर्ष पर एक युवा और गतिशील नेतृत्व की आवश्यकता है ।
कांग्रेस ने इससे दो दिन पहले कहा था कि सोनिया गांधी तब तक अंतरिम अध्यक्ष बनी रहेंगी, जब तक कि पार्टी प्रमुख का चुनाव करने के लिए एक उचित प्रक्रिया लागू नहीं हो जाती है। यह काम ऐसे निकट भविष्य में होगा जिसकी अवधि बहुत अधिक नहीं होगी। इसके बाद चेन्नितला की यह अपील आयी है ।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने आनलाइन प्रेस वार्ता में रविवार को कहा था कि यह सच है कि दस अगस्त को सोनिया गांधी का अंतरिम अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त हो रहा है । उन्होंने कहा कि लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि यह सीट उस दिन अपने आप रिक्त हो जायेगी ।
देश में हुये 2019 के आम चुनावों में कांग्रेस और संप्रग की जबरदस्त हार के बाद राहुल गांधी ने इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुये पार्टी अध्यक्ष पद से त्यागपत्र दे दिया था ।
चेन्नितला ने कहा कि अब समय आ गया है कि वह अपने फैसले पर दोबारा विचार करें क्योंकि महत्वपूर्ण रूप से अगले नौ महीनों में बिहार एवं पांच अन्य राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं ।
उन्होंने कहा, ‘‘जमीनी कार्यकर्ता इस बात के लिये इंतजार कर रहे हैं कि राहुल जी पार्टी की वागडोर संभालें ।’’
इससे पहले रविवार को स्थानीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस को एक पूर्ण कालिक अध्यक्ष को खोजने की प्रक्रिया में तेजी लानी चाहिए ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 11, 2020 04:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

