देश की खबरें | छावला सामूहिक बलात्कार: इस बार हमारी बेटी को न्याय मिलने की उम्मीद- पीड़िता के माता-पिता ने कहा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के छावला सामूहिक बलात्कार व हत्या मामले में पीड़िता के पिता ने कहा कि उम्मीद है कि इस बार उच्चतम न्यायालय उनकी बेटी के साथ न्याय करेगा।

नयी दिल्ली, आठ फरवरी दिल्ली के छावला सामूहिक बलात्कार व हत्या मामले में पीड़िता के पिता ने कहा कि उम्मीद है कि इस बार उच्चतम न्यायालय उनकी बेटी के साथ न्याय करेगा।

उच्चतम न्यायालय ने 2012 में छावला इलाके में 19 वर्षीय एक लड़की से सामूहिक बलात्कार और उसकी हत्या किए जाने के मामले में तीन आरोपियों को बरी करने के फैसले की समीक्षा संबंधी दिल्ली पुलिस की याचिका पर विचार के लिए तीन सदस्यीय पीठ गठित करने पर बुधवार को सहमति जताई।

पीड़िता के पिता ने कहा, ‘‘जब उन्हें रिहा किया गया, तब हमें आशंका थी कि वे फिर से दूसरों को नुकसान पहुंचाएंगे और वही हुआ।’’

उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि अदालत इस बार उनकी बेटी को न्याय देगी। उन्होंने कहा कि बरी किये गये लोग खूंखार अपराधी हैं जिन्हें सुधारा नहीं जा सकता।

सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति पी एस नरसिम्हा एवं न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला की पीठ से कहा कि इस अदालत द्वारा बरी किए गए एक आरोपी ने हाल में एक व्यक्ति का गला रेत दिया था।

पिता ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में बरी किए गए अन्य दो लोग खुले घूम रहे हैं और उन्हें तुरंत जेल में डाला जाना चाहिए।

उन्होंने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘हमारी आशंका सही साबित हो गई। सामूहिक बलात्कार मामले में शामिल खूंखार अपराधियों में से तीन को उच्चतम न्यायालय ने पिछले साल दिसंबर में बरी कर दिया था, और जेल से बाहर आने के बाद भी वे नहीं सुधरे। उनमें से एक, विनोद ने द्वारका में एक ऑटोरिक्शा चालक की हत्या कर दी। इसलिए, यह जरूरी है कि इन अपराधियों को जेल में डाला जाए क्योंकि वे इस तरह के अपराधों को फिर से दोहरा सकते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\