देश की खबरें | आतंकवादी हमले के मामले में जैश प्रमुख समेत 12 के खिलाफ आरोप पत्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के प्रावधान समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सांबा की प्रथम यात्रा से पहले अप्रैल में हुए एक आतंकवादी हमले के सिलसिले में दर्ज मामले में जिन 12 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया है, उनमें प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद के सरगना समेत पांच पाकिस्तानी आतंकवादियों के नाम हैं।
जम्मू, 19 अक्टूबर जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के प्रावधान समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सांबा की प्रथम यात्रा से पहले अप्रैल में हुए एक आतंकवादी हमले के सिलसिले में दर्ज मामले में जिन 12 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया है, उनमें प्रतिबंधित जैश-ए-मोहम्मद के सरगना समेत पांच पाकिस्तानी आतंकवादियों के नाम हैं।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के एक प्रवक्ता ने कहा कि एजेंसी ने जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख और बहावलपुर (पाकिस्तान) के निवासी मसूद अजहर अल्वी उर्फ मौलाना, उसके चार पाकिस्तानी साथियों, दो मारे जा चुके आतंकवादियों और पांच कश्मीरी नागरिकों के खिलाफ यहां एक विशेष अदालत में आरोप पत्र दायर किया।
सीमापार से एक भूमिगत सुरंग के जरिये घुसपैठ करने वाले और सांबा से जम्मू पहुंचने वाले पश्तो भाषी दो आतंकवादी 22 अप्रैल को एक मुठभेड़ में मारे गये थे, वहीं प्रधानमंत्री की निर्धारित यात्रा से महज दो दिन पहले हुए आतंकवादी हमले में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक अधिकारी की जान चली गयी तथा दो पुलिसकर्मी समेत नौ अन्य घायल हो गये।
एनआईए के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कश्मीर में गतिविधियां चलाने वाले आतंकवादियों, उनके पाकिस्तानी आकाओं और प्रतिबंधित संगठन जैश के आतंकवादियों के बीच साजिश रचे जाने से जुड़े मामले में 12 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया गया।’’
एनआईए ने कहा कि जम्मू कश्मीर के सांबा सेक्टर में बॉर्डर आउट पोस्ट चाक फकीरा के तहत आने वाले इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरंग खोदी गयी ताकि जम्मू क्षेत्र में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को बाधित किया जा सके।
अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की गतिविधि को रोका और जम्मू शहर के बाहरी इलाके में सुंजवान क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दोनों आतंकवादी मारे गये।
प्रवक्ता ने कहा कि शुरुआत में 22 अप्रैल को जम्मू के बाहू फोर्ट थाने में मामला दर्ज किया गया था और 26 अप्रैल को एनआईए ने दोबारा मामला दर्ज किया।
एनआईए ने कहा कि अजहर के अलावा आरोप पत्र में पाकिस्तानी आतंकवादियों रऊफ असगर अल्वी उर्फ अब्दुल रऊफ असगर (बहावलपुर), मोहम्मद मुसद्दैक उर्फ डॉक्टर उर्फ अब्दुल मनान उर्फ वाहिद खान (सियालकोट), शाहिद लतीफ उर्फ छोटा शाहिद उर्फ नूर अल दीन (गुजरांवाला-पंजाब) और मसूद इलियास कश्मीरी उर्फ अबू मोहम्मद (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) के नाम हैं।
प्रवक्ता के अनुसार आरोप पत्र में पुलवामा निवासी शफीक अहमद शेख, आबिद मुश्ताक मीर और आसिफ अहमद शेख तथा अनंतनाग निवासी बिलाल अहमद वागाय और मोहम्मद इशाक चोपन के भी नाम हैं। दो मारे जा चुके आतंकवादियों के नाम भी इसमें दर्ज किये गये हैं। उन्होंने कहा कि मारे गये आतंकियों के खिलाफ आरोप कमजोर हो जाते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 19, 2022 09:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

