देश की खबरें | नौ वर्षीय बालिका के कथित बलात्कार, हत्या मामले में चार व्यक्तियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल

नयी दिल्ली, 28 अगस्त दिल्ली पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में दिल्ली छावनी इलाके में नौ साल की एक बच्ची के कथित बलात्कार और हत्या के मामले में श्मशान के पुजारी और तीन अन्य के खिलाफ शनिवार को यहां की एक अदालत में आरोपपत्र दायर किया।

चार सौ पृष्ठों की अंतिम रिपोर्ट में दक्षिण-पश्चिम जिले के श्मशान के 55 वर्षीय पुजारी राधेश्याम और उसके कर्मचारियों-कुलदीप सिंह, सलीम अहमद और लक्ष्मी नारायण को यह दावा करते हुए आरोपी बनाया गया है कि उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य थे।

चारों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 304, 376 (डी), 342, 506, 201 और 34 के तहत आरोपी बनाया गया है। इसके साथ ही चारों के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की धारा छह और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कानून की धारा तीन के तहत भी आरोप लगाये गए हैं।

सभी आरोपी वर्तमान समय में न्यायिक हिरासत में हैं।

रिपोर्ट ड्यूटी मजिस्ट्रेट मनु श्री के समक्ष दायर की गई उसे 31 अगस्त को संबंधित अदालत के विचारार्थ रख लिया।

मामले को गत पांच अगस्त को दिल्ली पुलिस की अपराधा शाखा को सौंपा गया था।

अंतिम रिपोर्ट में उस विशेष जांच दल की एक रिपोर्ट भी शामिल की गई है जिसका गठन अपराध शाखा द्वारा त्वरित और पेशेवर जांच के लिए किया गया था।

पुलिस ने कहा, ‘‘जांच के दौरान, प्रासंगिक गवाहों की गवाही दर्ज करने के अलावा, वैज्ञानिक, तकनीकी और अन्य साक्ष्य एकत्र किए गए और उनका विश्लेषण किया गया। फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी, रोहिणी के साथ-साथ दिल्ली पुलिस के फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ऑन बायोलॉजी एंड ओडोन्टोलॉजी से भी सहायता ली गई।’’

पुलिस ने कहा कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान फोरेंसिक मनोवैज्ञानिकों को भी शामिल किया गया था और एक रिपोर्ट को अंतिम रिपोर्ट में शामिल किया गया है।

दिल्ली पुलिस ने बच्ची की मां के बयान के आधार पर एक मामला दर्ज किया था जिसने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी के साथ बलात्कार और उसकी हत्या की गई और बाद में एक अगस्त को परिवार की सहमति के बिना उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)