देश की खबरें | केरल में डॉक्टर की हत्या के मामले में आरोपी के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल पुलिस की अपराध शाखा ने कोट्टारक्कारा के पास एक तालुक अस्पताल में 23 वर्षीय महिला डॉक्टर की हत्या करने के आरोपी के खिलाफ यहां एक अदालत में मंगलवार को आरोप पत्र दायर किया।

कोल्लम (केरल), एक अगस्त केरल पुलिस की अपराध शाखा ने कोट्टारक्कारा के पास एक तालुक अस्पताल में 23 वर्षीय महिला डॉक्टर की हत्या करने के आरोपी के खिलाफ यहां एक अदालत में मंगलवार को आरोप पत्र दायर किया।

आरोपी जी. संदीप ने मई में डॉक्टर वंदना दास पर हमला कर उनकी कथित रूप से हत्या कर दी थी। पेशे से स्कूल शिक्षक संदीप को पुलिस इलाज कराने के लिए अस्पताल लेकर गई थी लेकिन उसने पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया और फिर डॉक्टर की कैंची से हमला कर हत्या कर दी थी।

अतिरिक्त लोक अभियोजक शैला मथाई ने कहा कि न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट- प्रथम राजेश सी. बी. की अदालत में अपराध शाखा ने संदीप के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है।

उन्होंने बताया कि अदालत अब आरोपों को सत्यापित करेगी। संदीप द्वारा डॉक्टर दास की कथित रूप से हत्या किए जाने के मामले की जांच अपराध शाखा कर रही थी।

मूल रूप से कोट्टायम जिले के कडुथुरुथी की रहने वाली डॉ दास अज़ीज़िया मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हाउस सर्जन थीं और अपने प्रशिक्षण के तहत कोट्टारक्कारा तालुक अस्पताल में काम कर रही थीं।

उनकी हत्या के बाद राज्य के विभिन्न अस्पतालों में प्रदर्शन हुए थे और केरल उच्च न्यायालय ने भी यह मुद्दा उठाते हुए डॉक्टर की रक्षा करने में नाकाम रहने पर सरकार और पुलिस को आड़े हाथों लिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\