एजेंसी न्यूज

किराना स्टोर के भारतीय अमेरिकी मालिक के खिलाफ अधिक दाम पर सामान बेचने का आरोप

एक जांच अधिकारी ने बताया कि कैलिफोर्निया के प्लीजैंटन में लोकप्रिय स्टोर ‘अपना बाजार’ के मालिक राजविंदर सिंह ने चार मार्च को गवर्नर द्वारा आपात काल की घोषणा किए जाने के बाद किराना वस्तुओं की कीमतें कथित रूप से बढ़ा दी थीं।

किराना स्टोर के भारतीय अमेरिकी मालिक के खिलाफ अधिक दाम पर सामान बेचने का आरोप

वाशिंगटन, नौ मई कैलिफोर्निया में कोरोना वायरस महामारी को फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के दौरान एक लोकप्रिय भारतीय-अमेरिकी किराना स्टोर के मालिक के खिलाफ कुछ सामान तय कीमत से 200 प्रतिशत तक अधिक मूल्य पर बेचने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

एक जांच अधिकारी ने बताया कि कैलिफोर्निया के प्लीजैंटन में लोकप्रिय स्टोर ‘अपना बाजार’ के मालिक राजविंदर सिंह ने चार मार्च को गवर्नर द्वारा आपात काल की घोषणा किए जाने के बाद किराना वस्तुओं की कीमतें कथित रूप से बढ़ा दी थीं।

कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल जेवियर बेकेरा और अलमेडा काउंटी डिस्ट्रिक्ट की अटॉर्नी नैंसी ओ’ मैल्ली के संयुक्त बयान में बताया गया है कि ग्राहकों की रसीदों से मिले सबूतों के आधार पर जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि कई खाद्य सामग्रियों पर आपात काल में दाम में दी गई 10 प्रतिशत बढ़ोतरी की मंजूरी से भी अधिक कीमत वसूली गई। कुछ वस्तुएं तो 200 प्रतिशत तक अधिक कीमत में बेची गईं।

बेकेरा ने कहा, ‘‘हम तय दाम से अधिक कीमत पर सामान बेचने को बहुत गंभीरता से लेते हैं और जन स्वास्थ्य आपात स्थिति के दौरान कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

सिंह के खिलाफ यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो उसे अधिकतम एक साल की कैद की सजा दी जा सकती है और/या 10,000 डॉलर तक का जुर्माना लगाया सकता है।

सिंह को नौ जुलाई को अदालत में पेश किए जाने की संभावना है

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2020 01:15 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).