देश की खबरें | ‘चंद्रयान-3’ वैश्विक क्षेत्र में भारत की लंबी छलांग का सूत्रपात करेगा: केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि भारत का महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम ‘चंद्रयान-3’ वैश्विक क्षेत्र में देश की लंबी छलांग का सूत्रपात करने जा रहा है।

हैदराबाद, 13 जुलाई केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि भारत का महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष कार्यक्रम ‘चंद्रयान-3’ वैश्विक क्षेत्र में देश की लंबी छलांग का सूत्रपात करने जा रहा है।

अंतरिक्ष विभाग के प्रभारी मंत्री ने 11वें ‘इंडिया एलायंस एनुअल कॉन्क्लेव 2023’ से इतर संवाददाताओं से कहा कि भारत में उत्पादित कोविड रोधी टीके की सफलता की कहानी के बाद देश एक महत्वपूर्ण वैश्विक खिलाड़ी बन गया है।

‘इंडिया एलायंस’ स्वास्थ्य और जैव चिकित्सा विज्ञान में अनुसंधान करने के लिए भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा वित्त पोषित एक सार्वजनिक परमार्थ संगठन है।

मंत्री ने कहा कि हालांकि भारत ने अमेरिका और पूर्व सोवियत संघ जैसे देशों की तुलना में अंतरिक्ष-संबंधित गतिविधियों में अपनी यात्रा देर से शुरू की, लेकिन यह ‘चंद्रयान-1’ था जिसने चंद्रमा की सतह पर पानी की उपस्थिति का सबूत दिया जो भविष्य में प्रयोग करने के लिए नासा जैसी प्रमुख अंतरिक्ष एजेंसियों के लिए भी उपयोगी हो गया।

भारत शुक्रवार को अपने तीसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-3’ का प्रक्षेपण करेगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा कि प्रक्षेपण के लिए 25.30 घंटे की उलटी गिनती बृहस्पतिवार को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित अंतरिक्ष केंद्र में शुरू हो गई।

सिंह ने कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की प्रगति का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है, जिन्होंने अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी को निजी प्रतिभागियों के लिए खोल दिया, क्योंकि इस कदम के परिणामस्वरूप तीन-चार वर्षों में उद्योग में 140 स्टार्टअप स्थापित हुए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now