ताजा खबरें | चंद्रबाबू नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी को राजग के शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY.
अमरावती (आंध्र प्रदेश), चार जून तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की शानदार जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी।
आंध्र प्रदेश में तेदेपा ने इस बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनसेना के साथ मिलकर राजग गठबंधन के बैनर तले चुनाव लड़ा था। तीनों दलों ने मिलकर निवर्तमान मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी को मात देकर जीत दर्ज की है।
नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी को प्रेषित संदेश में कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश की जनता की ओर से मैं आपको लोकसभा और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावों में राजग की जीत पर बधाई देता हूं। आंध्र प्रदेश की जनता ने हमें शानदार जनादेश का आशीर्वाद दिया है।’’
नायडू ने यह संदेश मोदी द्वारा पोस्ट किए गए एक संदेश के जवाब में लिखा। उन्होंने राजग को 'असाधारण जनादेश' देने के लिए आंध्र प्रदेश के लोगों को धन्यवाद दिया।
इसके अलावा नायडू ने कहा कि यह जनादेश राजग और राज्य के लिए उसके दृष्टिकोण पर जताए गए विश्वास को प्रतिबिंबित करता है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने लोगों के साथ मिलकर आंध्र प्रदेश का पुनर्निर्माण करेंगे और दोबारा इसका गौरव स्थापित करेंगे।’’
निर्वाचन आयोग के नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक, तेदेपा ने 122 विधानसभा सीट जीत ली है जबकि 12 सीट पर वह आगे चल रही है। वहीं सहयोगी दल जनसेना ने 20 सीट पर जीत दर्ज की है और एक पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य में गठबंधन के तीसरे घटक भाजपा ने छह सीट पर जीत दर्ज की है और दो पर आगे चल रही है। इस तरह राजग आंध्र प्रदेश विधानसभा में अब तक 148 सीट पर जीत दर्ज कर चुका है।
लोकसभा चुनाव में भी इस गठबंधन का प्रदर्शन शानदार रहा है। नवीनतम आंकड़ों के मुताबिक, तेदेपा आठ लोकसभा सीट जीत चुकी है और आठ पर बढ़त बनाए हुए है। भाजपा ने दो सीट जीती हैं और एक पर आगे चल रही है।वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने तीन सीट पर जीत दर्ज की है और एक पर आगे है।जनसेना दो सीटों पर आगे चल रही है।
आंध्र प्रदेश में 13 मई को एक ही चरण में 175 सदस्यीय विधानसभा और लोकसभा की 25 सीटों के लिए मतदान हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)