देश की खबरें | झारखंड के मांडर विधानसभा उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. झारखंड के रांची जिले में मांडर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव में भाजपा के बागी देव कुमार धन के निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दर्ज करने के बाद त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना है।

रांची, 13 जून झारखंड के रांची जिले में मांडर विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव में भाजपा के बागी देव कुमार धन के निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दर्ज करने के बाद त्रिकोणीय मुकाबले की संभावना है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को धन को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया लेकिन असदुद्दीन की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लमीन (एआईएमआईएम) का कथित समर्थन मिलने के बाद उन्हें भाजपा एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नीत सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।

राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन में झामुमो के अलावा कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) हैं। मांडर में 23 जून को मतदान है और 26 जून को मतगणना होगी।

बंधु तिर्की को भ्रष्टाचार के मामले में दोषी पाये जाने के बाद बतौर विधायक अयोग्य ठहराये जाने के कारण इस निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव कराया जा रहा है।

कांग्रेस ने उनकी बेटी शिल्पा नेहा तिर्की को झामुमो नीत सत्तारूढ़ गठबंधन की संयुक्त प्रत्याशी बनाया है जबकि भाजपा ने यहां के पूर्व विधायक गंगोत्री कुजुर को चुनाव मैदान में उतारा है। चुनाव मैदान में कुल 14 प्रत्याशी हैं।

पहले इस उपचुनाव को दो राष्ट्रीय राजनीतिक दलों भाजपा एवं कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबले के तौर पर देखा जा रहा था लेकिन अब भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार धन के बीच त्रिकोणीय मुकाबला की संभावना बन गयी है।

वर्ष 2019 में भाजपा ने अपने मौजूदा विधायक कुजुर को टिकट नहीं देकर धन को मांडर क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया था लेकिन धन जेवीएम-पी के बंधु तिर्की से हार गये। तिर्की बाद में कांग्रेस में चले गये।

धन ने पीटीआई- से कहा, ‘‘ वह (भाजपा) मुझे टिकट से वंचित कर सकती है लेकिन वह मुझे इस क्षेत्र के लोगों के मतों से वंचित नहीं कर सकती। मुझे इस उपचुनाव में दोनों ही राष्ट्रीय दलों के प्रत्याशियों को हराने का विश्वास है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\