ताजा खबरें | रास में सभापति नायडू ने सदस्यों से सदन का निर्बाध कामकाज सुनिश्चित करने की अपील की

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने बुधवार को सदस्यों से बजट सत्र के दौरान सदन का निर्बाध कामकाज सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि उनका आचरण ऐसा होना चाहिए जिससे लोगों का भारत के संसदीय लोकतंत्र में भरोसा बना रहे।

नयी दिल्ली, दो फरवरी राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने बुधवार को सदस्यों से बजट सत्र के दौरान सदन का निर्बाध कामकाज सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि उनका आचरण ऐसा होना चाहिए जिससे लोगों का भारत के संसदीय लोकतंत्र में भरोसा बना रहे।

सभापति ने उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर कहा कि देश के 5,000 सांसदों, विधायकों और विधान पार्षदों को इस ऐतिहासिक वर्ष में यह संकल्प लेना चाहिए कि लोगों का भरोसा उस लोकतंत्र में कायम रहे जिसे वह बीते 70 साल से मजबूत कर रहे हैं।

आवश्यक दस्तावेज सदन के पटल पर रखवाने के बाद सभापति ने कहा ‘‘और ऐसा करने का एकमात्र रास्ता यह है कि हमारा खुद का आचरण संसदीय लोकतंत्र में लोगों का भरोसा बनाने वाला हो।’’

संसद के पिछले दो सत्रों के दौरान हंगामे की वजह से बार बार सदन की कार्रवाई बाधित होने का जिक्र करते हुए सभापति ने कहा ‘‘इससे व्यथा होती है। मैं यह जिक्र इस उम्मीद के साथ कर रहा हूं कि जिस ऐतिहासिक समय से हम गुजर रहे हैं उसमें हमारा आचरण संयंमित एवं अनुशासित होना चाहिए। भारत की आजादी के 75 साल पूरे हो रहे हैं और यह हमारे लिए गर्व की बात है।’’

नायडू ने कहा कि व्यवधान और इसकी वजह से सदन की कार्रवाई स्थगित होने के कारण शीतकालीन सत्र में 52.10 फीसदी समय बर्बाद हुआ। उससे पहले मानसून सत्र के दौरान इसी तरह 70.40 फीसदी समय बर्बाद हुआ।

संसद के बजट सत्र का पहला चरण 31 जनवरी से शुरु हुआ है जो 11 फरवरी तक चलेगा। पहले दिन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित किया और दूसरे दिन केंद्रीय बजट तथा आर्थिक समीक्षा पेश की गई। आज तीसरे दिन राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई। इसके बाद आम बजट पर चर्चा होनी है। सभापति ने इसके लिए कार्य मंत्रणा समिति द्वारा तय किए गए समय की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि कोविड महामारी के दौरान हो रहा यह संसद का छठा सत्र है। उन्होंने सदस्यों से कहा कि संकट के इस समय में विशेष व्यवस्था के साथ इस सत्र का आयोजन हो रहा है और इसे हर हाल में सार्थक बनाया जाना चाहिए।

साथ ही सभापति ने मंत्रियों एवं सदस्यों से कोविड महामारी से बचाव के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखने एवं उन्हें निर्धारित की गई सीटों पर ही बैठने का अनुरोध भी किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\