देश की खबरें | केंद्रीय दल ने पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र के विभिन्न मंत्रालयों के सात सदस्यीय एक दल ने बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए मंगलवार को मोहाली एवं पटियाला जिलों में इस आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

चंडीगढ़, आठ अगस्त केंद्र के विभिन्न मंत्रालयों के सात सदस्यीय एक दल ने बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए मंगलवार को मोहाली एवं पटियाला जिलों में इस आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के वित्तीय सलाहकर रवीनेश कुमार की अगुवाई में यह दल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गया।

पंजाब के कई हिस्से नौ जुलाई से 11 जुलाई तक हुई भारी वर्षा से प्रभावित हुए थे और बारिश के कारण विशाल कृषि भूमि एवं अन्य क्षेत्र जलमग्न हो गए थे जबकि सामान्य जनजीवन ठप पड़ गया।

यह अंतर मंत्रालीय दल पहले मोहाली गया जहां घग्गर नदी से मची तबाही का जायजा लेने के लिए डेराबस्सी उपसंभाग के उसनेदेहार, आलमगीर, तिवानी, खजूर मंडी और सरासिनी क्षेत्रों का दौरा किया।

केंद्रीय दल ने स्थानीय अधिकारियों से नुकसान का ब्योरा लिया। बाढ़ प्रभावित किसानों ने अपनी फसल को हुए नुकसान के बारे में दल को बताया और मुआवजा मांगा।

पंजाब के जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव कृष्ण कुमार ने राज्य में बाढ़ से बड़े पैमाने पर हुए नुकसान तथा राज्य सरकार द्वारा किये गये राहत कार्य के बारे में बताया।

केंद्रीय दल के साथ संवाद के दौरान मोहाली की उपायुक्त आशिका जैन ने जिले में घग्गर नदी से हुए नुकसान की विस्तृत सूचना दी।

बाद में यह दल पटियाला के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में गया। पटियाला में दल ने पटियाला के रोहर जागीर, बादशापुर , रामपुर पार्टा समेत कई क्षेत्रों का दौरा किया एवं बाढ़ प्रभावित किसानों एवं अन्य लोगों से बातचीत की।

पटियाला के उपायुक्त साक्षी साहनी ने जिले में हुए नुकसान के बारे में दल को विस्तार से बताया। पटियाला में दल के अगुवा रवीनेश कुमार ने कहा कि यह दल बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करेगा और इस पर एक रिपोर्ट सौंपेगा।

यह दल बुधवार को रूपनगर और जालंधर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जायेगा।

पंजाब सरकार ने पहले राज्य में बाढ़ के कारण 1500 करोड़ रुपये का नुकसान होने का आकलन किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\