देश की खबरें | केंद्र सरकार ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में दो अधिकारियों को निलंबित किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्र ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ए. गोपी कृष्ण और 'दानिक्स' कैडर के अधिकारी आनंद कुमार तिवारी को निलंबित कर दिया है।
नयी दिल्ली, 22 अगस्त केंद्र ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ए. गोपी कृष्ण और 'दानिक्स' कैडर के अधिकारी आनंद कुमार तिवारी को निलंबित कर दिया है।
कृष्णा दिल्ली सरकार में आबकारी आयुक्त थे, जबकि आनंद कुमार उप आबकारी आयुक्त थे।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई जांच के सिलसिले में दर्ज प्राथमिकी में नामजद होने के बाद दोनों अधिकारियों के निलंबन का आदेश जारी हुआ।
कृष्णा 2012 बैच के अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम और केंद्र शासित प्रदेश (एजीएमयूटी) कैडर के अधिकारी हैं, जबकि तिवारी 2003 बैच के दिल्ली, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव सिविल सेवा (दानिक्स) कैडर के अधिकारी हैं।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली सरकार की आबकारी नीति 2021-22 के कार्यान्वयन में कथित अनियमितताओं के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की थी। प्राथमिकी में नामजद 15 व्यक्तियों और संस्थाओं में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी शामिल हैं।
एजेंसी ने शुक्रवार को सिसोदिया के आवास और कुछ नौकरशाहों के परिसरों समेत 31 स्थानों पर छापेमारी की थी। इन लोगों में आबकारी आयुक्त कृष्ण तथा आबकारी विभाग के दो अन्य अधिकारी तथा व्यवसायी शामिल थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)