किसानों के मुद्दे पर मायावती का केंद्र पर वार- सरकार किसानों की मांग पूरी करके हालात सामान्य करे
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा है कि केंद्र किसानों की मांग पूरी करके हालात सामान्य करे क्योंकि किसानों के प्रति सरकार के रवैये के कारण संसद के बजट सत्र में जरूरी कामकाज प्रभावित हो रहा है.
लखनऊ, 3 फरवरी : बसपा सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने कहा है कि केंद्र किसानों की मांग पूरी करके हालात सामान्य करे क्योंकि किसानों के प्रति सरकार के रवैये के कारण संसद के बजट (Budget of parliament) सत्र में जरूरी कामकाज प्रभावित हो रहा है. बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख ने ट्वीट कर कहा, ‘‘तीनों कृषि कानूनों की वापसी की वाजिब मांग को लेकर, खासकर दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे किसानों के प्रति सरकार के रवैये के कारण संसद के बजट सत्र में भी जरूरी कामकाज व जनहित के खास मुद्दे पहले दिन से ही काफी प्रभावित हो रहे हैं. केंद्र किसानों की मांग पूरी करके स्थिति सामान्य करे.’’
उन्होंने एक और ट्वीट में कहा, ‘‘आंदोलन कर रहे किसानों के बीच दहशत फैलाने के लिए दिल्ली की सीमाओं पर जो कंटीले तारों और कीलों की जबरदस्त बैरिकेडिंग की गई है, वह उचित नहीं है. इसके बजाए, यदि आतंकियों को रोकने के लिए ऐसी कार्रवाई देश की सीमाओं पर हो तो यह बेहतर होगा.’’ यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश: बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने विपक्ष पार्टियों पर बोला हमला, कहा- कांग्रेस और बीजेपी ने अपने संवैधानिक दायित्वों से मुंह मोड़ा
प्रदर्शनकारियों के आवागमन रोकने के लिए पुलिस की निगरानी में मजदूरों ने दिल्ली में सिंघू बॉर्डर पर मुख्य राजमार्ग के किनारे सीमेंट के अवरोधकों की दो कतारों के बीच लोहे की छड़ें लगा दी हैं. दिल्ली-हरियाणा राजमार्ग के एक अन्य हिस्से पर सीमेंट की अस्थायी दीवार बनाने से वह हिस्सा भी आंशिक रूप से बाधित हो गया है. दिल्ली-गाजीपुर सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गयी है, जहां किसान दो महीने से ज्यादा समय से कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 03, 2021 10:50 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

