जरुरी जानकारी | मजबूत जीडीपी आंकड़ों से शेयर बाजार में जश्न, सेंसेक्स, निफ्टी उच्चतम स्तर पर पहुंचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. (फाइल फोटो के साथ)
(फाइल फोटो के साथ)
मुंबई, एक मार्च घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को तगड़ी छलांग लगाते हुए अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गए। प्रभावी जीडीपी आंकड़ों और विदेशी निवेशकों का आकर्षण बढ़ने से सेंसेक्स 1,245 अंक उछल गया। निफ्टी में भी जोरदार तेजी आई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 1,245.05 अंक यानी 1.72 प्रतिशत उछलकर 73,745.35 अंक पर पहुंच गया। यह इसका सर्वकालिक उच्च स्तर है। कारोबार के दौरान यह 1,318.91 अंक तक उछल गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 355.95 अंक यानी 1.62 प्रतिशत की छलांग लगाते हुए 22,338.75 के नए समापन स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 370.5 अंक तक चढ़ गया था।
विश्लेषकों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में तेजी से घरेलू इक्विटी बाजारों को मजबूती मिली और निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा स्टील छह प्रतिशत से अधिक उछल गई जबकि जेएसडब्ल्यू स्टील में चार प्रतिशत से अधिक की तेजी रही। लार्सन एंड टुब्रो, टाइटन, मारुति, इंडसइंड बैंक, आईसीआईसीआई बैंक और टाटा मोटर्स में भी बढ़त दर्ज की गई।
हालांकि, तेजी के इस दौर में भी एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इंफोसिस और टेक महिंद्रा पिछड़ गए।
बाजार की इस तेजी के पीछे अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में जीडीपी की वृद्धि दर 8.4 प्रतिशत रहने का आंकड़ा सामने आने की प्रमुख भूमिका रही। यह पिछले डेढ़ वर्षों में सबसे अधिक तिमाही वृद्धि है। इसके साथ ही चालू वित्त वर्ष के वृद्धि अनुमान को भी संशोधित कर 7.6 प्रतिशत कर दिया गया है।
इसके अलावा शुक्रवार को आए पीएमआई आंकड़ों ने भी फरवरी में विनिर्माण गतिविधियों में तेजी के संकेत दिए।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "तीसरी तिमाही के उम्मीद से कहीं बेहतर जीडीपी आंकड़ों और अमेरिकी मुद्रास्फीति में नरमी की खबरों ने घरेलू और विदेशी दोनों ही बाजारों को रफ्तार दी। आम चुनावों का समय करीब होने के बीच मजबूत वृद्धि आंकड़ों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाने का काम किया।"
बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.89 प्रतिशत बढ़ा जबकि स्मालकैप सूचकांक 0.68 प्रतिशत चढ़ने में सफल रहा।
क्षेत्रवार सूचकांकों में धातु खंड में सर्वाधिक 3.84 प्रतिशत की तेजी रही जबकि पूंजीगत उत्पाद में 2.49 प्रतिशत और बैंक खंड में 2.48 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। लेकिन आईटी एवं प्रौद्योगिकी खंडों में गिरावट रही।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए।
यूरोपीय बाजार भी सकारात्मक धारणा के साथ कारोबार कर रहे थे। बृहस्पतिवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) फिर से लिवाल बन गए हैं। एफआईआई ने बृहस्पतिवार को 3,568.11 करोड़ रुपये मूल्य की शुद्ध खरीदारी की।
इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.82 प्रतिशत चढ़कर 82.58 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
देश के प्रमुख शेयर बाजारों बीएसई और एनएसई बड़े व्यवधान या नाकामी से निपटने की अपनी तैयारी को परखने के लिए शनिवार को इक्विटी एवं इक्विटी वायदा एवं विकल्प खंड में विशेष कारोबारी सत्र का आयोजन करेंगे।
विशेष कारोबारी सत्र के दौरान लेनदेन को प्राथमिक साइट (पीआर) से आपदा बहाली (डीआर) साइट पर स्थानांतरित करके उसकी कार्यप्रणाली को जांचा जाएगा।
आमतौर पर प्राथमिक साइट पर किसी बड़े व्यवधान या विफलता की स्थिति में कारोबार जारी रखने के लिए लेनदेन को डीआर साइट पर स्थानांतरित कर दिया जाता है।
प्रेम
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 01, 2024 06:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

