एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | सीडीएस ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर मौजूदा स्थिति से अवगत कराया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत और पाकिस्तान में सैन्य टकराव बढ़ने के बीच प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और उन्हें मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | सीडीएस ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर मौजूदा स्थिति से अवगत कराया

नयी दिल्ली, 10 मई भारत और पाकिस्तान में सैन्य टकराव बढ़ने के बीच प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने शनिवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की और उन्हें मौजूदा स्थिति से अवगत कराया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

एक सूत्र ने बताया, "सीडीएस ने आज सुबह रक्षा मंत्री से उनके आवास पर मुलाकात की और उन्हें मौजूदा स्थिति से अवगत कराया।"

भारत ने शुक्रवार को कहा था कि पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार रात भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की कोशिश के तहत लेह से सर क्रीक तक 36 स्थानों पर 300 से 400 तुर्की ड्रोन दागे, हालांकि उसकी यह कोशिश विफल हो गई।

भारतीय सेना ने शनिवार की सुबह कहा, "पाकिस्तान ड्रोन और अन्य हथियारों से हमारी पश्चिमी सीमा पर लगातार हमले कर रहा है।"

पिछले कुछ दिन में दोनों परमाणु संपन्न पड़ोसी देशों के बीच सैन्य टकराव बढ़ गया है, जिसकी वजह से भारत में सैन्य और प्रशासनिक अधिकारी सतर्क हैं।

भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने की पाकिस्तान की कोशिशों को विफल किये जाने के एक दिन बाद, राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को शीर्ष सैन्य नेतृत्व के साथ सुरक्षा परिदृश्य की व्यापक समीक्षा की।

बताया जा रहा है कि बैठक में उभरते सुरक्षा हालात के हर पहलू पर चर्चा की गई। बैठक में सीडीएस जनरल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह शामिल हुए।

दोनों देशों ने एक-दूसरे के सैन्य ठिकानों पर लगातार हमला किया, जिससे संघर्ष में खतरनाक रूप से वृद्धि हुई।

शनिवार की सुबह, कर्नल सोफिया कुरैशी ने विंग कमांडर व्योमिका सिंह और विदेश सचिव विक्रम मिस्री के साथ संवाददाता सम्मेलन में कहा, "पाकिस्तानी सैनिकों को सीमावर्ती क्षेत्रों जाते हुए देखा गया है।"

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने पंजाब में ‘हाई-स्पीड’ मिसाइल दागी और श्रीनगर, अवंतीपुरा व उधमपुर में चिकित्सा सुविधाओं पर हमला किया।

कर्नल कुरैशी ने कहा, "पाकिस्तानी कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब दिया गया है।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2025 02:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).