देश की खबरें | सीबीएसई ने ‘डमी’ विद्यालयों के खिलाफ की कार्रवाई, 21 विद्यालयों की संबद्धता वापस ली
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने ‘डमी’ विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को 21 विद्यालयों की संबद्धता वापस ले ली और छह स्कूलों का उच्चतर माध्यमिक का दर्जा घटाकर माध्यमिक कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, छह नवंबर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने ‘डमी’ विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को 21 विद्यालयों की संबद्धता वापस ले ली और छह स्कूलों का उच्चतर माध्यमिक का दर्जा घटाकर माध्यमिक कर दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह कदम सितंबर में राजस्थान और दिल्ली के विद्यालयों में किए गए औचक निरीक्षण के बाद उठाया गया है, जिसमें कई खामियां पाई गई थीं।
सीबीएसई सचिव हिमांशु गुप्ता ने कहा, ‘‘डमी या बिना-उपस्थित प्रवेश की प्रथा स्कूली शिक्षा के मूल उद्देश्य के विपरीत है, तथा इससे छात्रों के आधारभूत विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस मुद्दे के समाधान के लिए हम डमी विद्यालयों के प्रसार को रोकने के लिए निर्णायक कदम उठा रहे हैं, तथा सभी संबद्ध संस्थानों को स्पष्ट संदेश दे रहे हैं कि वे डमी या बिना-उपस्थित प्रवेश स्वीकार करने के प्रलोभन का विरोध करें।’’
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के संबंध में औचक निरीक्षण समितियों की महत्वपूर्ण टिप्पणियां संबंधित विद्यालयों को प्रेषित की गई।
गुप्ता ने कहा, ‘‘ विद्यालयों द्वारा प्रस्तुत जवाबों की बोर्ड द्वारा विस्तार से जांच की गई। निरीक्षण निष्कर्षों और वीडियोग्राफी साक्ष्यों के आधार पर, 21 विद्यालयों की संबद्धता रद्द कर दी गई और छह विद्यालयों को उच्चतर माध्यमिक से माध्यमिक स्तर पर 'डाउनग्रेड' किया गया।’’
अधिकारियों ने बताया कि जिन 21 विद्यालयों की संबद्धता रद्द की गई है, उनमें से 16 दिल्ली में हैं, जबकि पांच राजस्थान के कोचिंग केंद्र कोटा और सीकर में हैं।
धीरज पवनेश
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 06, 2024 11:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

