देश की खबरें | मूसेवाला की हत्या की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई या एनआईए करे: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई अथवा एनआईए द्वारा होनी चाहिए।

नयी दिल्ली, 30 मई कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई अथवा एनआईए द्वारा होनी चाहिए।

पार्टी प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने यह आरोप भी लगाया कि पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने ‘पब्लिसिटी स्टंट’ के तहत मूसेवाला की सुरक्षा वापस ली जिसके चलते उनकी जान चली गई।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दिल्ली में बैठकर पंजाब की सरकार चलाने वाले केजरीवाल जी से पूछना चाहता हूं कि मूसेवाला की सुरक्षा क्यों वापस ली गई, जबकि केंद्रीय खुफिया एजेंसियों ने कहा था कि उनके ऊपर खतरा है?’’

गोहिल ने यह सवाल भी किया कि राज्य सरकार को बताना चाहिए कि किस खुफिया आकलन के बाद गायक की सुरक्षा वापस ली गई थी?

उन्होंने कहा कि मामले की जांच उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई अथवा एनआईए द्वारा होनी चाहिए।

पंजाब के मानसा जिले में रविवार को अज्ञात हमलावरों ने पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे एक दिन पहले ही पंजाब की ‘आप’ सरकार ने मूसेवाला की सुरक्षा कम कर दी थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now