देश की खबरें | सीबीआई ने वरिष्ठ अधिकारियों की एसीआर में 'छेड़छाड़' को लेकर तटरक्षक के पूर्व डीजी पर मामला दर्ज किया

नयी दिल्ली, 11 फरवरी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने वरिष्ठ अधिकारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) डोजियर से छेड़छाड़ करने के आरोप में तटरक्षक के पूर्व महानिदेशक (डीजी) के. नटराजन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

रक्षा मंत्रालय ने सीबीआई को एक संदर्भ भेजा था जिसमें वरिष्ठ अधिकारियों के गोपनीय व्यक्तिगत रिकॉर्ड में कथित हेराफेरी के बारे में जानकारी दी गई थी जिसके बाद एजेंसी ने पिछले साल अप्रैल में प्रारंभिक जांच शुरू की थी।

सीबीआई ने करीब 10 महीने की प्रारंभिक जांच के बाद, पाया कि कई अधिकारियों की एसीआर फाइल में छेड़छाड़ की गई थी जबकि कुछ अधिकारियों के ‘नॉन इनिशिएशन सर्टिफिकेट’ (एनआईसी) गायब पाए गए।

प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि एनआईसी सही व्यवस्था में नहीं पाए गए क्योंकि वे संबंधित अधिकारी के स्थानांतरण और पदस्थापना विवरण के अनुरूप नहीं हैं तथा रिपोर्टिंग अवधि बीतने के तीन-चार साल बाद एनआईसी जमा किए गए हैं।

यह मुद्दा तब प्रकाश में आया जब तटरक्षक बल के महानिरीक्षक राकेश पाल ने सात जून 2021 को इस बाबत रक्षा सचिव को एक अभ्यावेदन भेजा।

उन्होंने अपने एसीआर और डोजियर में संख्यात्मक मूल्यांकन में कथित रूप से जानबूझकर कमी का मुद्दा उठाया जिससे उन्हें अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) के पद पर संभावित पदोन्नति से वंचित किया जा सके।

मंत्रालय ने सितंबर 2019 से एडीजी के पद पर पदोन्नति के लिए विचाराधीन महानिरीक्षकों/अतिरिक्त महानिदेशकों की पिछले सात वर्षों (2014 से बाद) की एसीआर की जांच के लिए एक तथ्यान्वेषी समिति गठित की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)