देश की खबरें | सीबीआई ने रिश्वत के मामले में विदेश व्यापार संयुक्त महानिदेशक और दो अन्य को गिरफ्तार किया

नयी दिल्ली, छह सितंबर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में तैनात विदेश व्यापार संयुक्त महानिदेशक एन. रमेश और दो अन्य को कथित रिश्वत मामले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रमेश के अलावा गिरफ्तार किए गए दो अन्य व्यक्तियों में विशाखापत्तनम में विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के क्षेत्रीय प्राधिकरण के अनुभाग प्रमुख श्रीभाष्यम वेंकट रंगनाथन और ‘किरीटी इंडेंटिंग एंड एक्ज़िम सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड’ के प्रबंध निदेशक पी. सीताराम राजू शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि सीबीआई को जानकारी मिली थी कि रमेश और रंगनाथन डीजीएफटी सलाहकारों और वाहकों के माध्यम से नए आयात एवं निर्यात प्रमाणपत्र, नवीनीकरण और अन्य संबंधित लाइसेंस जारी करने के लिए बड़े पैमाने पर कथित तौर पर रिश्वत ले रहे हैं।

अधिकारियों ने कहा कि आरोप है कि रमेश ने चार लाख रुपये लिए थे जबकि रंगनाथन को राजू से 50,000 रुपये रिश्वत के तौर पर मिले थे।

उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को बुधवार को विशाखापत्तनम की एक विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

डीजीएफटी का क्षेत्रीय प्राधिकरण कार्यालय निर्यात और आयात को बढ़ावा देता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)