एजेंसी न्यूज

कोरोना वायरस के कारण और बिगड़ी एयर इंडिया की माली हालत: कंपनी प्रमुख

बंसल ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि महामारी के दौरान राहत व बचाव के लिये विशेष उड़ानें शुरू करने में सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया करायी जाएंगी।

कोरोना वायरस के कारण और बिगड़ी एयर इंडिया की माली हालत: कंपनी प्रमुख

मुंबई, 10 अप्रैल सरकारी विमानन कंपनी एयर इंडिया के प्रमुख राजीव बंसल ने बृहस्पतिवार को कहा कि कोरोना वायरस ने कंपनी की पहले से खराब आर्थिक स्थिति को और बिगाड़ दिया है। हालांकि, कंपनी किसी तरह से अपना परिचालन जारी रखे हुए है।

बंसल ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि महामारी के दौरान राहत व बचाव के लिये विशेष उड़ानें शुरू करने में सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया करायी जाएंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘एयर इंडिया कोविड-19 महामारी शुरू होने के काफी पहले से ही खराब आर्थिक स्थिति से गुजर रही है। महामारी के त्रासद प्रभावों विशेषकर विमानन क्षेत्र पर पड़े असर ने कंपनी की माली हालत और खराब कर दी है। इसके बाद भी आपकी कंपनी ने परिचालन बनाये रखने के लिये कोई कसर नहीं छोड़ी है।’’

बंसल ने कर्मचारियों को याद दिलाया कि कंपनी हर मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यात्रियों के साथ ही कर्मचारियों की सुरक्षा व स्वास्थ्य कंपनी की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि इस महामारी से जूझने के लिये कंपनी कर्मचारियों को सुरक्षा व बचाव के सारे साधन मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा, ‘‘बचाव के सारे उपाय करने के साथ ही कंपनी आपकी सुरक्षा के लिये पीपीई मुहैया करा रही है। इसके साथ ही एयर इंडिया दुनिया की उन चुनिंदा कंपनियों में से है जो हजमत सूट व सुरक्षा के अन्य उपकरण अपने कर्मचारियों को मुहैया करा रही है।’’

कंपनी ने जनवरी में चीन के वुहान से फंसे लोगों को निकालने के लिये पहली उड़ान का परिचालन किया था।

बंसल ने कहा कि कंपनी द्वारा किये गये सुरक्षा उपायों के चलते ही अभी तक उसके सिर्फ एक कर्मचारी को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2020 04:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).