देश की खबरें | सोनभद्र में उधार की चाट खाने को लेकर हुए विवाद में चाट विक्रेता की हत्या
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के डोरिया मोड़ पर उधार की चाट खाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई मारपीट में चाट विक्रेता की मौत हो गई।
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश), आठ जून जिले के रायपुर थाना क्षेत्र के डोरिया मोड़ पर उधार की चाट खाने को लेकर हुए विवाद के बाद हुई मारपीट में चाट विक्रेता की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बुधवार को बताया, ‘‘डोरीया गांव निवासी महेंद्र गुप्ता का 16 वर्षीय पुत्र अविनाश गुप्ता उर्फ भोनू गुप्ता चाट की दुकान लगाता था। मंगलवार की शाम वह अपने दुकान पर चाट बेच रहा था। इसी बीच लगभग आठ बजे उसी गांव के दिनेश गुप्ता ने दस रुपए की चाट खायी और रुपए मांगने पर बाद में देने की बात कहकर चला गया।’’
उन्होंने बताया, ‘‘कुछ देर बाद दिनेश दोबारा एक साथी के साथ पहुंचकर फिर चाट मांगने लगा। चाट विक्रेता अविनाश ने कहा कि पहले उधारी दे चुका हूं, अब नहीं दूंगा। इसी बात को लेकर कुछ विवाद हो गया। घटना के बाद दिनेश अपने खेत पर चला गया। कुछ देर बाद अविनाश भी खेत पर अपने माता-पिता को लेने चला गया। वहां दिनेश फिर से विवाद करने लगा।’’
उन्होंने बताया कि बात इतनी बढ़ गई कि दिनेश ने लोहे की बाट से अविनाश के सिर पर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले गये लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
रायपुर के थाना प्रभारी ने इस मामले में मिली तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी युवक दिनेश गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)