एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | भाजपा को जातिवाद, क्षेत्रवाद और सांप्रदायिकता स्वीकार्य नहीं : राजनाथ

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विकास के रास्ते पर चलने वाली पार्टी बताया और दावा किया कि पार्टी को जातिवाद, क्षेत्रवाद और सांप्रदायिकता स्वीकार्य नहीं है।

देश की खबरें | भाजपा को जातिवाद, क्षेत्रवाद और सांप्रदायिकता स्वीकार्य नहीं : राजनाथ

लखीमपुर खीरी (उप्र), दो फरवरी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को विकास के रास्ते पर चलने वाली पार्टी बताया और दावा किया कि पार्टी को जातिवाद, क्षेत्रवाद और सांप्रदायिकता स्वीकार्य नहीं है।

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सिंह ने बुधवार को मोबाइल फोन के जरिये खीरी के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, "भाजपा वह पार्टी है जिसने विकास का रास्ता चुना है। जातिवाद, क्षेत्रवाद और सांप्रदायिकता भाजपा को बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।"

समाजवादी पार्टी (सपा) के शासन के दौरान कानून-व्यवस्था की कथित दयनीय स्थिति के लिए उसे आड़े हाथों लेते हुए सिंह ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान लूट, हत्या, अपहरण जैसे अपराध नियमित होते थे लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में परिदृश्य बदल दिया है और अपराधी आज सलाखों के पीछे हैं।

सिंह को स्थानीय युवराज पैलेस में एक बैठक को संबोधित करना था और बाद में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों लखीमपुर से योगेश वर्मा और श्रीनगर निर्वाचन क्षेत्र से मंजू त्यागी के समर्थन में घर-घर प्रचार करना था, लेकिन घने कोहरे और खराब दृश्यता के कारण उनका हेलीकॉप्टर लखीमपुर में नहीं उतर सका। बाद में उन्होंने अपराह्न लगभग 1.30 बजे भाजपा के एक स्थानीय नेता के मोबाइल फोन के माध्यम से बैठक को संबोधित किया।

सिंह ने लखीमपुर खीरी की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था पर प्रकाश डाला और कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार किसानों और खेती के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार खेती को लाभदायक बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘स्वतंत्र भारत में नरेन्द्र मोदी के अलावा कोई अन्य प्रधानमंत्री किसानों के प्रति इतना संवेदनशील नहीं रहा और उन्होंने (मोदी) तीन कृषि कानूनों को अचानक निरस्त कर दिया क्योंकि कुछ किसान भाई इनसे असहमत थे।’’

लोगों से भाजपा को वोट देने की अपील करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा वह पार्टी है जो भारत के विकास और उसकी विरासत दोनों की रक्षा करती है और उन्होंने सोमनाथ और केदारनाथ मंदिरों के जीर्णोद्धार, अयोध्या में भगवान राम मंदिर के निर्माण और काशी-विश्वनाथ गलियारे जैसे कई उदाहरण गिनाए।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष तीन अक्टूबर को लखीमपुर खीरी जिले के तिकुनिया थाना क्षेत्र में कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में चार किसान, एक पत्रकार समेत आठ लोग मारे गये थे। इस मामले में किसानों की तहरीर पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा टेनी के पुत्र आशीष मिश्रा तथा लगभग 12 लोगों को आरोपी बनाया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 02, 2022 07:58 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).