एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | नकदी मामला : भाजपा नेता तावडे के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन को लेकर दो प्राथमिकी दर्ज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले मंगलवार को पालघर के एक होटल में मतदाताओं को कथित तौर पर नकदी बांटने के सिलसिले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महासचिव विनोद तावडे, पार्टी उम्मीदवार राजन नाइक और अन्य के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज कीं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

देश की खबरें | नकदी मामला : भाजपा नेता तावडे के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन को लेकर दो प्राथमिकी दर्ज

मुंबई, 19 नवंबर महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले मंगलवार को पालघर के एक होटल में मतदाताओं को कथित तौर पर नकदी बांटने के सिलसिले में पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महासचिव विनोद तावडे, पार्टी उम्मीदवार राजन नाइक और अन्य के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज कीं। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

अधिकारी ने कहा कि दोनों मामले 20 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए लागू चुनाव आचार संहिता के कथित उल्लंघन के लिए जिले के तुलिंज पुलिस थाने में दर्ज किए गए।

पुलिस ने बताया कि पहली प्राथमिकी में तावडे और अन्य पर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करके एक होटल में एकत्रित होने का आरोप लगाया गया है, जबकि दूसरी प्राथमिकी में उन पर नकदी और शराब की पेशकश करके मतदाताओं को लुभाने का आरोप लगाया गया है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से कुछ घंटे पहले, बहुजन विकास आघाडी (बीवीए) नेता हितेंद्र ठाकुर ने तावडे पर मतदाताओं को लुभाने के लिए मुंबई से 60 किलोमीटर दूर विरार के एक होटल में 5 करोड़ रुपये बांटने का आरोप लगाया। हालांकि भाजपा नेता तावडे ने इस दावे का खंडन करते हुए कहा कि वह केवल पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रक्रियाओं के बारे में मार्गदर्शन दे रहे थे।

तुलिंज पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘पहली प्राथमिकी में भाजपा नेता विनोद तावडे, नालासोपारा से भाजपा उम्मीदवार राजन नाइक और पार्टी पदाधिकारी मनोज बारोट समेत 22 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है, जबकि 200 से 250 अज्ञात पार्टी कार्यकर्ताओं को होटल की पांचवीं मंजिल पर अवैध रूप से एकत्र होने और बैठक करने के लिए आरोपी बनाया गया है, जिससे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है।’’

एक अन्य प्राथमिकी में तावडे, नाइक और बारोट समेत 34 अन्य लोगों को 200 से 250 अज्ञात पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आरोपी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि इन व्यक्तियों पर लोगों को नकदी और शराब का प्रलोभन देकर चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप है।

अधिकारी ने बताया कि दोनों मामले भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं और जांच की जा रही है।

सोशल मीडिया पर सामने आये एक वायरल वीडियो में बीवीए पार्टी के समर्थक विरार के होटल के कमरे में घुसते और तावडे के चेहरे की ओर नकदी के बंडल उछालते दिख रहे हैं। उसके बाद पुलिस तावडे को वहां से बाहर ले गई।

मीरा भयंदर-वसई विरार (एमबीवीवी) पुलिस के एक उपायुक्त ने कहा, ‘‘हम होटल में जो कुछ भी हुआ उसके खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन भी अवैध था। हम कानून के मुताबिक कार्रवाई करेंगे।’’

होटल में तीन घंटे से अधिक समय हंगामे के बाद हितेंद्र ठाकुर, उनके बेटे क्षितिज, तावडे और भाजपा उम्मीदवार नाइक ने होटल में एक संवाददाता सम्मेलन करने का फैसला किया। हालांकि, जैसे ही संवाददाता सम्मेलन शुरू हुआ, निर्वाचन अधिकारियों ने इसे अवैध बताते हुए रोक दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 19, 2024 10:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).