देश की खबरें | बद्रीनाथ में हिमनद टूटने से जुड़े वीडियो के जरिए भ्रम फैलाने वाले के खिलाफ मामला दर्ज

गोपेश्वर (उत्तराखंड), एक मई सोशल मीडिया पर बद्रीनाथ धाम में हिमनद टूटने से जुड़ा एक वीडियो प्रसारित कर लोगों में भ्रम फैलाने के आरोप में चमोली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को फेसबुक पर रोहित राजपूत नाम के एक यूजर ने एक भ्रामक एवं विचलित करने वाला वीडियो अपलोड करते हुए पोस्ट किया, ‘‘श्री बद्रीनाथ धाम में टूटा ग्लेशियार, पानी की तरह बहने लगी बर्फ, लोगों में मचा हड़कंप, कई लोग लापता।’’ उसने पोस्ट में 'फॉलोमी' भी लिखा था।

इस पोस्ट का संज्ञान लेते हुए चमोली के पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया था जिसके बाद गोपेश्वर पुलिस थाने में राजपूत के खिलाफ चारधाम यात्रा के संबंध में अफवाह फैलाने व सोशल मीडिया पर झूठी खबर प्रसारित करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि फर्रूखाबाद के कोटियापुर पीथनापुर के रहने वाले राजपूत के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 420, 469, 505(1)(बी) तथा 54 आपदा प्रबन्धन अधिनियम 2005 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक सुमित बन्दुनी को सौंपी गई है ।

डोबाल ने कहा कि बद्रीनाथ धाम की यात्रा सकुशल संचालित की जा रही है और इस संबंध में अफवाह फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

बद्रीनाथ मंदिर के कपाट खुलने के बाद से सोशल मीडिया पर धाम के आसपास की चोटियों से हिमस्खलन को लेकर वीडियो प्रसारित किए जा रहे ​हैं।

गौरतलब है कि हिमालय की चोटियों में हिमस्खलन एक सामान्य प्राकृतिक घटना मानी जाती है लेकिन आधी अधूरी जानकारी के आधार पर इन घटनाओं को बढ़ा-चढ़ा कर पेश किए जाने से लोगों में दहशत का माहौल बन रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)