देश की खबरें | केरल में एंबुलेंस रोकने के आरोपी चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज, जुर्माना लगाया

कन्नूर (केरल), 18 जनवरी केरल के कन्नूर जिले में एक मरीज को लेकर अस्पताल जा रही एंबुलेंस को रोकने के आरोप में एक चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ उसपर जुर्माना लगाया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

यह घटना बृहस्पतिवार शाम तलास्सेरी के एरनहोली में हुई और बाद में समाचार चैनलों ने घटना के वीडियो भी प्रसारित किए।

पुलिस के अनुसार, यहां नयनार रोड पर एक कार ने एक गंभीर मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस ने कार चालक की पहचान पेशे से चिकित्सक राहुल राज के रूप में की है जिसका पास के इरिट्टी में एक निजी क्लिनिक है।

एंबुलेंस चालक ने आरोप लगाया कि बार-बार सायरन बजने के बावजूद कार चालक ने एंबुलेंस को आगे बढ़ने के लिए रास्ता नहीं दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर कथिरुर पुलिस ने चिकित्क के खिलाफ भारतीय न्याय संहित की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया है।

अधिकारी ने बताया कि मोटर वाहन विभाग ने भी इन आरोपों के लिए चिकित्सक पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

हालांकि, सूत्रों ने बताया कि चिकित्सक ने दावा किया कि एंबुलेंस का सायरन सुनकर वह घबरा गया था और उसने एंबुलेंस को जल्द से जल्द आगे बढ़ने के लिए रास्ता दिया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)