देश की खबरें | पटियाला में सेना के कर्नल पर हमले का मामला : जाब पुलिस ने नयी प्राथमिकी दर्ज की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब पुलिस ने पटियाला में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा सेना के एक कर्नल और उनके बेटे के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने के मामले में शुक्रवार को एक नयी प्राथमिकी दर्ज की।
चंडीगढ़, 21 मार्च पंजाब पुलिस ने पटियाला में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिसकर्मियों द्वारा सेना के एक कर्नल और उनके बेटे के साथ कथित तौर पर मारपीट किए जाने के मामले में शुक्रवार को एक नयी प्राथमिकी दर्ज की।
मामले की तीव्र एवं निष्पक्ष जांच करने के लिए एक उच्च स्तरीय एसआईटी (विशेष जांच दल) भी गठित की गई है।
यह प्राथमिकी कर्नल की पत्नी द्वारा पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात करने के एक दिन बाद दर्ज की गई है। कटारिया ने राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से बात कर कहा था कर्नल के बयान को आधार बनाकर प्राथमिकी दर्ज कराना उनके परिवार का अधिकार है।
शुक्रवार शाम चंडीगढ़ में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कर्नल की पत्नी भावुक हो गईं थी और अपने पति एवं बेटे के लिए न्याय की मांग की थी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, "13-14 मार्च की दरमियानी रात को पुलिस अधिकारियों द्वारा मारपीट की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के सिलसिले में 14 मार्च 2025 को दर्ज कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ के बयान के आधार पर पटियाला के सिविल लाइंस थाने में 21 मार्च 2025 को प्राथमिकी दर्ज की गई है। कर्नल बाठ के बयान में उन पुलिस अधिकारियों के नाम हैं, जिन्होंने उन पर हमला किया। इसमें हमले में अधिकारियों की भूमिका का विवरण भी दिया गया है।"
निष्पक्ष और शीघ्र जांच सुनिश्चित करने के लिए पंजाब के जांच ब्यूरो के निदेशक द्वारा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, कानून-व्यवस्था, पंजाब एसपीएस परमार की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय विशेष जांच दल का गठन किया गया है, जिसमें होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संदीप मलिक और एसएएस नगर के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह शामिल हैं।
पंजाब पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पटियाला क्षेत्र के डीआईजी को निर्देश दिया गया है कि वे निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को तुरंत पटियाला जिले से बाहर स्थानांतरित करें।
प्रवक्ता ने बताया कि सभी 12 संबंधित पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही शुरू की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)