महाराष्ट्र के राज्यपाल के खिलाफ 'अपमानजनक' समाचार के लिये न्यूज पोर्टल के खिलाफ मामला दर्ज
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मुंबई, 14 मई महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के खिलाफ ''झूठी'' और ''अपमानजनक'' खबर प्रकाशित करने के लिये एक न्यूज पोर्टल के खिलाफ मुंबई में मामला दर्ज किया गया है।
एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आज शाम राजभवन के प्रवक्ता उमेश काशीकर की शिकायत पर बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स के साइबर क्राइम पुलिस थाने में गैर-संज्ञेय अपराध का मामला दर्ज किया गया है।
राजभवन ने इस संबंध में बृहस्पतिवार को बयान भी जारी किया है।
बयान के अनुसार, ''इंटरनेट पर समाचार प्रकाशित कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। यह समाचार एक मॉडल के महाराष्ट्र से दिल्ली के रास्ते देहरादून जाने के लिये यात्रा प्रबंध करने से संबंधित था।''
बयान में कहा गया है, ''समाचार में प्रकाशित तथ्य झूठे, मनगढ़ंत और नापाक इरादों पर आधारित हैं, जिनका मकसद राज्यपाल की बेदाग छवि को धूमिल करना है।''
संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) संतोष रस्तोगी ने बताया कि साइबर पुलिस थाने ने शिकायत के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 500 और 501 के तहत गैर संज्ञेय अपराध का मामला दर्ज कर लिया है।
उन्होंने कहा, ''हम इस मामले की जांच शुरू करने के लिये शुक्रवार को अदालत से अनुमति मांगेंगे।''
अधिकारी ने कहा, ''शिकायत राज्यपाल की कथित सिफारिश का इस्तेमाल कर एक महिला के मुंबई से देहरादून जाने से संबंधित है। हालांकि राजभवन ने ऐसी कोई सिफारिश नहीं की है।''
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2020 10:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

