एजेंसी न्यूज

लॉकडाउन के दौरान साइकिल से अपने घर जा रहे 57 प्रवासी मजदूरों के खिलाफ मामला दर्ज

एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि लॉकडाउन के दौरान इन प्रवासी मजदूरों को साइकिलें बेचने वाले तीन दुकान मालिकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है ।

लॉकडाउन के दौरान साइकिल से अपने घर जा रहे 57 प्रवासी मजदूरों के खिलाफ मामला दर्ज
जमात

मुंबई, 30 अप्रैल कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लागू लॉकडाउन का उल्लंघन कर नवी मुंबई से साइकिल से अपने घरों के लिए हजारों किलोमीटर की यात्रा पर निकले 57 प्रवासी मजदूरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है ।

एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि लॉकडाउन के दौरान इन प्रवासी मजदूरों को साइकिलें बेचने वाले तीन दुकान मालिकों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है ।

गश्त पर निकले कुछ पुलिसकर्मियों ने बुधवार तड़के नवी मुंबई में महापे के पास लोगों के एक समूह को साइकिलों से जाते देखा।

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ किए जाने पर मजदूरों ने बताया कि रोजगार नहीं रहने और खाने-पीने का सामान खत्म होने के बाद वे नवी मुंबई के तुर्भे तथा आसपास के इलाके से उत्तरप्रदेश, बिहार और झारखंड में अपने घर जाने के लिए निकले हैं।

उन्होंने बताया कि तुर्भे और पास के इलाके में तीन दुकानों से इन लोगों ने साइकिलें खरीदी थी ।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद 57 प्रवासी मजदूरों को तुर्भे थाना ले जाया गया और भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा) के तहत मामला दर्ज किया गया।

उनकी साइकिलें जब्त कर ली गयी । इन मजदूरों को साइकिल बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ भी धारा 188 के तहत मामला दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सचिन राणे ने बताया कि बाद में मजदूरों को नवी मुंबई में अपने घर जाने दिया गया और उन्हें पर्याप्त खाना और अनाज भी मुहैया कराया गया ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 04:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).