देश की खबरें | लोक सेवकों के क्षमता निर्माण में नवीनतम भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी शामिल होगी: जितेंद्र सिंह
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोकसेवकों के क्षमता निर्माण में नवीनतम भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी शामिल होगी।
हैदराबाद, 16 फरवरी केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि लोकसेवकों के क्षमता निर्माण में नवीनतम भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी शामिल होगी।
सिंह ने कहा कि वह हमेशा कामकाज और संपूर्ण सरकारी अवधारणा में व्यापक एकीकरण के बारे में बोलते रहे हैं और एनआईजीएसटी (राष्ट्रीय भू-सूचना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान) के पास लोक सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए भू-स्थानिक प्रौद्योगिकियों में क्षमता और विशेषज्ञता है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय भू-स्थानिक नीति (एनजीपी) 2022 के अनुसार, भू-स्थानिक विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में ऑनलाइन पाठ्यक्रम आईजीओटी (एकीकृत सरकारी ऑनलाइन प्रशिक्षण) कर्मयोगी मंच के माध्यम से उपलब्ध कराया जाना है।
कार्मिक राज्य मंत्री सिंह ने हैदराबाद में संस्थान की सुविधाओं का दौरा किया और वहां शिक्षकों और प्रशिक्षुओं के साथ बातचीत की।
सिंह ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रौद्योगिकी-संचालित शासन की प्रवृत्ति को ध्यान में रखते हुए लोक सेवकों के क्षमता निर्माण में नवीनतम भू-स्थानिक प्रौद्योगिकी शामिल होगी, जो हमारे लिए और साथ ही दुनिया भर में उपलब्ध नवीनतम प्रौद्योगिकियों में से एक है।’’
एनआईजीएसटी और इसकी विभिन्न सुविधाओं और पाठ्यक्रमों के बारे में केंद्रीय मंत्री के समक्ष एक विस्तृत प्रस्तुति भी दी गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)