देश की खबरें | कनाडा के गैंगस्टर का सहयोगी दिल्ली में गिरफ्तार : पुलिस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है जो कनाडा के एक गैंगस्टर अर्शदीप डल्ला के इशारे पर किसी व्यक्ति की हत्या करने के लिए दिल्ली आए थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 13 अक्टूबर दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है जो कनाडा के एक गैंगस्टर अर्शदीप डल्ला के इशारे पर किसी व्यक्ति की हत्या करने के लिए दिल्ली आए थे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी दी।
बठिंडा के उद्यमी अंकित गोयल के आवास के बाहर गोलियां चलाने के मामले में पंजाब के गुरदासपुर निवासी रविन्दर सिंह (21) और नवदीप सिंह (26) वांछित थे। उन्होंने गोयल से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के बाद उनके घर के बाहर गोलियां चलायी थीं।
रविन्दर और नवदीप को फिलहाल पंजाब की फिरोजपुर जेल में बंद तरनजोत सिंह ने दिल्ली भेजा था। गिरोह द्वारा पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने पर पुलिस में मामला दर्ज कराने वाले एक व्यक्ति की हत्या का काम इन दोनों को दिया गया था।
पुलिस ने बताया कि रंगदारी वसूली का यह काम डल्ला के इशारे पर हो रहा था।
विशेष प्रकोष्ठ के पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन सिंह ने बताया कि दोनों अपराधियों को 22 सितंबर को दिल्ली में जहांगीरपुरी के मुकरबा चौक फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया, ‘‘दोनों पंजाब के तरनजोत सिंह के कहने पर काम कर रहे थे। तरनजोत कनाडा के आतंकी समूह के सरगना अर्शदीप डल्ला के इशारे पर काम करता है।’’
उन्होंने बताया, ‘‘तरनजोत खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) के हरदीप निज्जर से भी जुड़ा हुआ है। उनके पास से दो सेमी-ऑटोमेटिक पिस्तौल और नौ कारतूस मिले हैं।’’
पूछताछ के दौरान नवदीप ने पुलिस को बताया कि वह तरनजोत की शान-शौकत से बहुत प्रभावित था और कम समय में ज्यादा पैसे कमाना चाहता था, इसलिए उसके संपर्क में आया।
अधिकारी ने बताया कि तरनजोत के कहने पर ही रविन्दर और नवदीप ने अंकित गोयल के आवास के बाहर गोलियां चलायी थीं। उन्होंने बताया कि दोनों को इस काम के ढाई-ढाई लाख रुपये देने का वादा किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 13, 2022 06:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

