खेल की खबरें | बेंगलुरु में शिविर विशेष रूप से इंग्लैंड दौरे और विश्व कप की तैयारी के लिए लगाया गया : मंधाना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारतीय महिला टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना ने बेंगलुरु में 25 दिवसीय शिविर के बाद खिलाड़ियों की तैयारी पर भरोसा जताते हुए कहा कि यह शिविर विशेष रूप से इंग्लैंड दौरे और इस साल के अंत में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी के लिए लगाया गया था।
नाटिंघम (इंग्लैंड), 27 जून भारतीय महिला टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना ने बेंगलुरु में 25 दिवसीय शिविर के बाद खिलाड़ियों की तैयारी पर भरोसा जताते हुए कहा कि यह शिविर विशेष रूप से इंग्लैंड दौरे और इस साल के अंत में होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारी के लिए लगाया गया था।
भारत 30 सितंबर से दो नवंबर तक महिलाओं के 50 ओवर के विश्व कप की मेजबानी करेगा। लेकिन टीम इससे पहले इंग्लैंड के साथ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला के बाद अगले कुछ हफ्तों में तीन वनडे मैच खेलेगी।
मंधाना ने शनिवार को यहां पहले टी20 मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से कहा, ‘‘तैयारी के लिए 25 दिन अच्छे रहे। हमने एनसीए में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के लिए शिविर लगाया था। शिविर इस दौरे और विश्व कप को विशेष रूप से ध्यान में रखते हुए लगाया गया था। ’’
हरमनप्रीत कौर की तबीयत ठीक नहीं थी जिससे वह श्रृंखला के पहले मैच की प्रेस कांफ्रेंस में शिरकत नहीं कर सकीं और मंधाना ने भरोसा जताया कि नियमित कप्तान मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगी।
मंधाना ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि वह नहीं खेल रही है। वह सिर्फ आज अस्वस्थ है। मैं आज सिर्फ हरमनप्रीत की जगह आई हूं। ’’
मंधाना ने कहा कि काफी समय पहले इंग्लैंड आने से उन्हें अच्छी तैयारी करने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम यहां पहले ही आ गए थे। आठ दिन की अच्छी तैयारी की। कुछ अच्छे अभ्यास मैच खेले जिससे हमें इंग्लैंड की परिस्थितियों के बारे में बहुत कुछ पता चला। ’’
मंधाना ने कहा, ‘‘काफी लड़कियों के लिए यह पहला इंग्लैंड दौरा है इसलिए उनके लिए यहां जल्दी आना अहम था ताकि वे परिस्थितियों की आदी हो सकें। तैयारियां काफी अच्छी रही। ’’
इस साल के अंत में होने वाले विश्व कप को देखते हुए हालांकि टीम का ध्यान मुख्य रूप से वनडे प्रारूप पर रहेगा। मंधाना ने माना कि पांच टी20 मैच उनकी टीम को इन परिस्थितियों में अपने खेल का आकलन करने का मौका भी देंगे।
इंग्लैंड अगले साल 12 जून से पांच जुलाई तक महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी करेगा।
मंधाना ने कहा, ‘‘अगले साल भी इसी समय गर्मियों में ब्रिटेन में टी20 विश्व कप होना है जिसमें भी परिस्थितियां ऐसी ही होंगी। मुझे भरोसा है कि ये पांच टी20 मैच कई लड़कियों के लिए अच्छी तैयारी साबित होंगे और हमारे लिए भी यहां की परिस्थितियां को परखने के लिए अच्छे रहेंगे। ’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 27, 2025 08:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

