देश की खबरें | दिल्ली में कैब चालक के साथ मारपीट

नयी दिल्ली, 21 मई दिल्ली के सराय काले खां इलाके में कैब चालक की कार के एक अन्य कार से टकरा जाने से उसके साथ कुछ लोगों ने कथित रूप से मारपीट की।

हमलावरों ने घटनास्थल से भागने से पहले कैब चालक से उसकी कार की चाबी कथित रूप से छीन ली। उस टैक्सी में यात्रा कर रहे आलोक दीक्षित नामक एक व्यक्ति ने अपने विभिन्न ट्वीट में यह जानकारी दी।

दीक्षित के ट्विटर एकउंट के अनुसार वह ‘एट स्टोपएसिडएटैक’ के अभियानकर्ता और ‘छांव डॉट ओआरजी’ के अध्यक्ष हैं।

उनके ट्वीट पर दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसने इस घटना का संज्ञान ले लिया है और वह जरूरी कदम उठा रही है।

दीक्षित ने बताया कि शनिवार रात को हवाई अड्डे से वह कैब से जा रहे थे और जब यह कार सराय काले खां फ्लाईओवर के पास से गुजर रही थी तब ‘‘हमसे आगे चल रही एक निजी कार अचानक पीछे हटने लगी और हमारी कार से टकरा गयी।’’

उन्होंने कहा कि उसके बाद उस कार से लोग बाहर निकले और बिना किसी भड़कावे के वे कैबचालक के साथ मारपीट करने लगे।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे अनुरोध एवं बीच-बचाव की कोशिश के बावजूद बात बिगड़ती गयी और विरोधी पक्ष की महिलाएं भी इस झगड़े में शामिल हो गयीं।’’

दीक्षित ने दावा किया कि जब हमलावरों ने देखा कि वह इस घटना की रिकार्डिंग कर रहे हैं तो वे गाड़ी की चाबी छीनकर वहां से भाग गये, जिससे वह और कैब चालक लालचंद्र बीच सड़क पर फंस गये।

दीक्षित ने इस घटना के वीडियो क्लिप भी साझा किये। एक वीडियो में नजर आ रहा है कि एक व्यक्ति कैब चालक से धक्कामुक्की कर रहा है जबकि एक अन्य व्यक्ति एवं दो महिलाएं उसके साथ झगड़ा कर रही हैं।

दीक्षित ने कहा कि इस घटना से कैब चालक बुरी तरह ‘‘डर गया।’’ उन्होंने कहा कि उन्होंने बतौर गवाह दिल्ली पुलिस को अपना बयान तथा पुलिसकर्मियों को अपना फोन नंबर दे दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)