जरुरी जानकारी | दिल्ली में कैब एग्रीगेटर योजना मंजूर, सिर्फ इलेक्ट्रिक बाइक टैक्सी को मिलेगी अनुमति
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में ऑनलाइन कैब सेवाएं देने वाली कंपनियों और आपूर्ति सेवाप्रदाताओं के नियमन के लिए एक नीति को बुधवार को मंजूरी दे दी। इससे दिल्ली में बाइक टैक्सी के लौटने का रास्ता साफ हो गया है।
नयी दिल्ली, 10 मई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में ऑनलाइन कैब सेवाएं देने वाली कंपनियों और आपूर्ति सेवाप्रदाताओं के नियमन के लिए एक नीति को बुधवार को मंजूरी दे दी। इससे दिल्ली में बाइक टैक्सी के लौटने का रास्ता साफ हो गया है।
केजरीवाल ने मोटर वाहन एग्रीगेटर योजना-2023 को मंजूरी दी है, जो दिल्ली में कैब सेवा प्रदाता और बाइक किराये पर देने की (रेंटल) सेवा के लिए नियमन की आधारशिला तैयार करती है। इसमें सिर्फ इलेक्ट्रिक बाइक को ही टैक्सी के रूप में चलाने की बात कही गई है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह योजना सुनिश्चित करती है कि दिल्ली में सभी बाइक टैक्सी और दोपहिया रेंटल सेवा सिर्फ इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों से ही दी जा सकेगी।
बयान के अनुसार, योजना के मसौदे को उपराज्यपाल के पास भेज दिया गया है। परिवहन विभाग इसके बाद इसे अंतिम रूप देने से पहले जनता की प्रतिक्रिया लेगा।
बयान में कहा गया कि नए प्रावधान दिल्ली ईवी नीति, 2020 को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं।
दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने फरवरी, 2023 में निजी दोपहिया वाहनों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ अभियान छेड़ा था। विभाग ने बाइक टैक्सियों को दिल्ली में संचालन से प्रतिबंधित करते हुए चेतावनी दी थी कि नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर उन पर एक लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)