जरुरी जानकारी | बायजू के वरिष्ठ उपाध्यक्ष का इस्तीफा, इम्पेंडिंग से जुड़ेंगे

नयी दिल्ली, 21 अगस्त शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी बायजू के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (अंतरराष्ट्रीय कारोबार) चेरियन थॉमस ने कंपनी से इस्तीफा देने के बाद इम्पेंडिंग के साथ जुड़ने की घोषणा की है।

अमेरिका स्थित इम्पेंडिंग इंक ने सोमवार को एक बयान में कहा कि थॉमस को कंपनी का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। वह कंपनी के उत्पाद पोर्टफोलियो में विस्तार के साथ वैश्विक स्तर पर प्रतिभाओं को जोड़ने पर ध्यान केंद्रित करेंगे।

इस बारे में टिप्पणी के लिए बायजू को भेजे गए ईमेल का कोई भी जवाब नहीं मिला है।

हालांकि घटनाक्रम से परिचित एक सूत्र ने थॉमस के बायजू से अलग होने की पुष्टि की है। लेकिन उनके उत्तराधिकारी के बारे में कोई भी टिप्पणी नहीं की।

थॉमस को बायजू के अमेरिकी कारोबार में विस्तार का श्रेय दिया जाता रहा है। उनकी अगुवाई में ही बायजू की अनुषंगी ऑस्मो ने वित्त वर्ष 2020-21 में 10 करोड़ डॉलर से अधिक का राजस्व अर्जित किया था।

बायजू पिछले कुछ महीनों से वित्तीय संकट का सामना कर रही है। इस दौरान कई प्रमुख अधिकारी कंपनी से अलग हो चुके हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)