देश की खबरें | पंजाब के अबोहर में व्यापारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब के अबोहर में मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात लोगों ने सोमवार को एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
अबोहर (पंजाब), सात जुलाई पंजाब के अबोहर में मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात लोगों ने सोमवार को एक व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
‘न्यू वेयर वेल जेंट्स टेलर’ शोरूम के सह-मालिक संजय वर्मा को हमलावरों ने व्यस्त व्यावसायिक इलाके भगत सिंह चौक के पास दिनदहाड़े गोली मारी।
वर्मा जैसे ही शोरूम के पास अपनी कार से बाहर निकले तभी अज्ञात लोगों ने उन पर कई गोलियां चला दीं। इसके बाद तीनों हमलावरों ने भागने की कोशिश की लेकिन उनकी मोटरसाइकिल फिसल गई। वे कुछ दूर तक भागे, फिर वे एक यात्री से एक अन्य मोटरसाइकिल छीनकर वहां से फरार हो गए।
वर्मा को स्थानीय सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के मद्देनजर इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
अबोहर के विधायक अमनदीप सिंह गोल्डी घटना के तुरंत बाद शोकाकुल परिवार से मिलने और अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए अस्पताल पहुंचे।
पीड़ित के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखा गया है जहां उनके रिश्तेदारों, मित्रों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई है।
फाजिल्का के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरमीत सिंह ने हत्या की जांच शुरू कर दी है।
शहर के सभी प्रवेश और निकास बिंदुओं को सील कर दिया गया है और क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
कई व्यापार संघों ने हत्या के विरोध में सोमवार को बाजार पूरी तरह बंद रखने का आह्वान किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 02:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

