देश की खबरें | कारोबारी प्रेम वत्स ने आईआईटी-मद्रास में मस्तिष्क अनुसंधान के लिए दिए 50 लाख अमेरिकी डॉलर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स लिमिटेड के संस्थापक और अध्यक्ष प्रेम वत्स ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)- मद्रास को मस्तिष्क अनुसंधान के लिए 50 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 41 करोड़ रुपये) की राशि दी है।
चेन्नई, 18 जून फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स लिमिटेड के संस्थापक और अध्यक्ष प्रेम वत्स ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी)- मद्रास को मस्तिष्क अनुसंधान के लिए 50 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 41 करोड़ रुपये) की राशि दी है।
आईआईटी मद्रास के पूर्व छात्र प्रेम वत्स इस प्रमुख शोध संस्थान के उन 150 पूर्व छात्रों में शामिल हैं जिन्हें उसने 1999 में'' विशिष्ट पूर्व छात्र'' का दर्जा प्रदान किया था।
आईआईटी-मद्रास ने मार्च 2022 में अपने विशाल परिसर में सुधा गोपालकृष्णन मस्तिष्क केंद्र का शुभारंभ किया था, जिसका उद्देश्य आंकडों, वैज्ञानिक परिणामों और प्रौद्योगिकी उपकरणों का सृजन करके कोशिकीय स्तर पर मानव मस्तिष्क की तस्वीर प्राप्त करना है।
फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वत्स ने कहा, ‘‘आईआईटी-मद्रास के सुधा गोपालकृष्णन मस्तिष्क केंद्र में काम की गुणवत्ता और टीम की प्रतिबद्धता वाकई शानदार है। उन्होंने मानव मस्तिष्क की बेहतर तस्वीर तैयार करने वाला जो प्रौद्योगिकी प्लेटफ़ॉर्म विकसित किया है वह बहुत ही अनोखा है।’’
वत्स ने मंगलवार को यहां एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘फेयरफैक्स को इस अत्याधुनिक अनुसंधान एवं विकास कार्य का समर्थन करने में खुशी है और हम उन्हें नयी ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए शुभकामनाएं देते हैं।’’
सुधा गोपालकृष्णन मस्तिष्क केंद्र की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इंफोसिस के सह-संस्थापक क्रिस गोपालकृष्णन ने कहा, ‘‘ मैं आईआईटी-मद्रास में बने मस्तिष्क केंद्र में उनके योगदान के लिए प्रेम वत्स की सराहना करता हूं। इससे केंद्र को विभिन्न परोपकारी और सीएसआर फंडों से पहले से मिल रही सहायता में वृद्धि होगी और केंद्र को मानव मस्तिष्क एटलस पर अपने अनुसंधान को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)