देश की खबरें | बस बलात्कार मामला: पानी और खाना मांगने के चलते शिरुर से पकड़ा गया आरोपी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पुणे के स्वारगेट बस अड्डे पर एक बस के अंदर महिला से बलात्कार करने का आरोपी एक घर से भोजन और पानी मांगने के कारण पुलिस की गिरफ्त में आ गया। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुणे (महाराष्ट्र), 28 फरवरी पुणे के स्वारगेट बस अड्डे पर एक बस के अंदर महिला से बलात्कार करने का आरोपी एक घर से भोजन और पानी मांगने के कारण पुलिस की गिरफ्त में आ गया। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे (37) का पता लगाने के लिए ड्रोन और खोजी कुत्तों का इस्तेमाल किया, जो अपने पैतृक शिरूर तहसील में धान के एक खेत में छिपा था। उसे आधी रात के आसपास पकड़ा गया।

पुणे पुलिस ने कहा है कि आरोपी की गर्दन पर एक गहरा निशान पाया गया है, जिससे संदेह है कि उसने आत्महत्या का प्रयास किया होगा।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘गाडे को देर रात दो बजे पुणे लाया गया। उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया और औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को दिन में अदालत में पेश किया जाएगा।’’

कुख्यात आरोपी गाडे मंगलवार की सुबह पुणे के स्वारगेट बस अड्डे पर राज्य परिवहन की एक बस के अंदर 26 वर्षीय महिला का कथित रूप से यौन उत्पीड़न करने के बाद शिरूर में अपने पैतृक स्थान भाग गया था।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था लेकिन पुलिस उसके गांव तक पहुंचने में कामयाब रही और पता चला कि उसने एक घर से पानी मांगा था।

एक अधिकारी ने बताया कि पुणे पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी को पकड़ने के लिए गुनात गांव में ड्रोन और खोजी कुत्तों को तैनात किया और 13 टीम तलाशी अभियान का हिस्सा थीं।

उन्होंने बताया कि संयुक्त पुलिस आयुक्त रंजन कुमार शर्मा ने भी गांव का दौरा किया और अपने अधिकारियों को जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया, ‘‘ड्रोन और खोजी कुत्तों की मदद से गन्ने के खेतों में तलाशी अभियान रात में रोक दिया गया था। हालांकि, हमें सूचना मिली कि गाडे एक घर में खाना मांगने गया था। हम मौके पर पहुंचे, लेकिन वह भागने में सफल रहा। घर में मौजूद परिवार ने उसे पानी की एक बोतल दी थी।’’

उन्होंने बताया कि परिवार ने पुलिस को आरोपी की इलाके में मौजूदगी की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम ने तलाशी फिर से शुरू की।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी पास ही धान के एक खेत में छिपा था और उसे पकड़ लिया गया।

पत्रकारों से बात करते हुए पुणे के पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा, ‘‘प्राथमिक मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार आरोपी के गले पर निशान पाया गया है। संदेह है कि उसने आत्महत्या का प्रयास किया होगा। हम अंतिम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।’’

वरिष्ठ अधिकारी ने खोज अभियान में पुलिस की मदद करने वाले गुनात गांव के निवासियों को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा। घटना की जांच के लिए एक विशेष इकाई का गठन किया जाएगा। हम मामले को त्वरित अदालत में ले जाने की कोशिश करेंगे और एक विशेष वकील नियुक्त किया जाएगा।’’

कुमार ने कहा कि स्वारगेट बस डिपो की सुरक्षा और सुरक्षा ऑडिट समाप्त हो गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने सुरक्षा, बसों के दरवाजे, अंधेरे वाले स्थान और अन्य बिंदुओं का विश्लेषण किया है। हम राज्य परिवहन विभाग के साथ इन पर चर्चा करेंगे और जल्द एक औपचारिक कार्रवाई की जाएगी।’’

पुणे और अहिल्यानगर जिलों में चोरी, डकैती और चेन झपटमारी के करीब छह मामलों में गाडे का नाम शामिल है। वह 2019 से अपराध के एक मामले में जमानत पर बाहर है।

पुणे शहर में स्वारगेट महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) के सबसे बड़े बस डिपो में से एक है।

पीड़िता के अनुसार, जब वह मंगलवार सुबह करीब पांच बजकर 45 मिनट पर एक स्टैंड पर सतारा जिले के फलटण के लिए बस का इंतजार कर रही थी, तभी एक व्यक्ति उसके पास आया और उसे ‘दीदी’ कहकर संबोधित किया। पीड़िता ने बताया कि व्यक्ति ने उसे बातचीत में उलझा लिया और कहा कि सतारा के लिए बस दूसरे स्टैंड पर आ गई है।

वह उसे स्टेशन परिसर में ही खड़ी खाली ‘शिव शाही’ एसी बस में ले गया। बस के अंदर लाइट नहीं जली थीं, इसलिए महिला पहले तो बस में चढ़ने से हिचकिचाई, लेकिन व्यक्ति ने उसे यकीन दिलाया कि यही सही बस है।

मेडिकल क्षेत्र में काम करने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि इसके बाद वह उसके पीछे पीछे बस के अंदर गया और उससे बलात्कार कर वहां से भाग गया।

पुणे के मध्य में हुई इस चौंकाने वाली घटना से हंगामा मच गया और विपक्ष ने महिला सुरक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Australia Women vs India Women ODI Stats: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दूसरे के खिलाफ कुछ ऐसा रहा है भारत महिला बनाम ऑस्ट्रेलिया महिला का प्रदर्शन, यहां देखें दोनों टीमों के आंकड़े

Pakistan vs Sri Lanka, 50th Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में श्रीलंका को हराकर भी टूर्नामेंट से बाहर हुआ पाकिस्तान, न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह; यहां देखें PAK बनाम SL मैच का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, T20 World Cup 2026 52nd Match Date And Time: कब और कितने बजे से खेला जाएगा टीम इंडिया बनाम वेस्टइंडीज के बीच सुपर-8 का महामुकाबला? इस स्टेडियम में भिड़ेंगी दोनों टीमें, यहां जानें वेन्यू समेत मैच से जुड़ी सभी जानकारी

Kolkata Weather And Rain Forecast For India vs West Indies Match: कोलकाता में भारत बनाम वेस्टइंडीज सुपर 8 मुकाबले पर बारिश का खतरा नहीं, लेकिन ओस बन सकती है बड़ा फैक्टर

\