दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में बस चालक की मौत, 15 यात्री जख्मी
दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर बृहस्पतिवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक बस के चालक की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री जख्मी हो गए. पुलिस ने बताया कि निजी बस ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे बिनोला गांव के पास एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी.
गुरुग्राम, 27 अक्टूबर : दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर बृहस्पतिवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक बस के चालक की मौत हो गई, जबकि 15 यात्री जख्मी हो गए. पुलिस ने बताया कि निजी बस ने सुबह करीब साढ़े पांच बजे बिनोला गांव के पास एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी. यह बस राजस्थान रोडवेज से जुड़ी हुई थी. उन्होंने बताया कि बस चालक प्रवीण (25) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि ट्रक चालक फरार हो गया. पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे बस वाहन से भिड़ गई.
उन्होंने बताया कि बस जयपुर से दिल्ली जा रही थी और इसमें करीब 30 यात्री सवार थे. अधिकारियों के मुताबिक, बिलासपुर थाने के प्रभारी (एसएचओ) प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एक टीम दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. उन्होंने बताया कि बस चालक दोनों गाड़ियों के बीच फंस गया था और उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. यह भी पढ़ें : एमसीडी चुनाव कचरे के मुद्दे पर लड़ा जाएगा, पांच साल में दिल्ली को स्वच्छ बना देंगे : केजरीवाल
एसएचओ ने बताया कि घायलों में से चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि शेष को मामूली चोटें आई हैं. उन्होंने बताया कि बस के परिचालक की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत बिलासपुर थाने में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. एसएचओ के अनुसार, मृतक के परिवार के सदस्यों को घटना की सूचना दे दी गई है और आरोपी को पकड़ने की कोशिशें की जा रही हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 27, 2022 03:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

