देश की खबरें | मध्यप्रदेश में ट्रेलर से टकराई बस : 15 लोगों की मौत, 40 घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के रीवा जिले में एक बस के ट्रेलर से टकराने से बस में सवार 15 लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गये।
रीवा (मप्र), 22 अक्टूबर मध्यप्रदेश के रीवा जिले में एक बस के ट्रेलर से टकराने से बस में सवार 15 लोगों की मौत हो गई और 40 अन्य घायल हो गये।
रीवा जिले के पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन ने बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 11.30 बजे रीवा के नजदीक राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर सोहागी घाटी में हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई जबकि 40 अन्य यात्री घायल हुए हैं।’’
भसीन ने बताया कि मृतकों में बस चालक एवं परिचालक भी शामिल हैं और कटर से बस को काटकर उनके शवों को बाहर निकाला गया।
उन्होंने कहा कि मामूली रूप से घायल हुए 20 यात्रियों को शाम तक उत्तरप्रदेश में उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका नहीं है।
हादसे के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए भसीन ने बताया कि सोहागी घाटी में सबसे आगे एक ट्रक, उसके पीछे ट्रेलर और फिर यह बस जा रही थी। उन्होंने बताया कि ट्रेलर ने आगे जा रहे ट्रक को टक्कर मारी और अचानक ब्रेक लगा दिया, इसकी वजह से पीछे आ रही बस ट्रेलर से टकरा गई।
उन्होंने कहा कि यह बस तेलंगाना के हैदराबाद से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जा रही थी।
भसीन ने बताया कि हादसे में 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो व्यक्तियों ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया और एक व्यक्ति ने रीवा के अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि राहगीरों की सूचना के बाद सोहागी पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
भसीन ने बताया कि घायलों को एंबुलेंस से त्योंथर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में ज्यादातर यात्री श्रमिक थे जो दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे।
इस हादसे में घायल बस यात्री सुभाष चौधरी (30) ने रीवा के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में कहा, ‘‘मैं दिवाली मनाने अपने घर जा रहा था। रात का खाना अपने साथियों के साथ खाने के बाद अपनी सीट पर सो गया। मैं गहरी नींद में था और सपने में भी दिवाली के बारे में सोच रहा था। इतने में तेज आवाज आई और मेरी नींद खुल गई।’’
उन्होंने कहा कि एक या दो सेकंड में बस में चीख पुकार की आवाजें आने लगी।
चौधरी के हाथ और पैरों में चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।
हैदराबाद से उत्तरप्रदेश में अपने गृह नगर महराजगंज लौट रहे एक मजदूर चौधरी ने कहा, "हादसे के बाद मैं दर्द से कराह रहा था और बस के अंदर खून से लथपथ असहाय लोगों को देखा। इनमें से कुछ मर चुके थे और कुछ हांफ रहे थे। मैं सन्न रह गया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘घर लौटने और खुशी के साथ दिवाली मनाने का हमारा सपना चकनाचूर हो गया।’’
चोटिल महराजगंज निवासी मनीष साकत (21) ने सिसकते हुए कहा, ‘‘इस हादसे से मैं इतना डर गया था कि मैंने अपनी आंखें बंद कर लीं। इसके बाद मुझे नहीं पता कि क्या हुआ। कुछ समय बाद मुझे होश आया और मैंने अपने आप को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल में पाया।’’
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘रीवा में हैदराबाद से गोरखपुर जा रही यात्री बस के दुर्घटनाग्रस्त होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ था। इस अत्यंत हृदय विदारक घटना में दिवंगत आत्माओं के प्रति मैं श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। ।। ॐ शांति ।। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हमने पूरी रात बचाव अभियान चलाया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का रीवा में उपचार चल रहा है। इस पूरे दुखद घटनाक्रम से उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को भी अवगत कराया है।’’
चौहान ने कहा कि दुर्घटना में घायल लोगों के उपचार का खर्च मध्यप्रदेश सरकार वहन करेगी। उन्होंने बताया कि मामूली रूप से घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद बस द्वारा प्रयागराज रवाना कर दिया गया है।
चौहान ने कहा कि ‘‘शव प्रयागराज भेजे जा रहे हैं और इस दुखद परिस्थिति में हम मृतकों के परिजनों के साथ हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)