गांधीनगर, दो फरवरी गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने केंद्रीय बजट 2023-24 को बृहस्पतिवार को ‘विकास केंद्रित’ करार देते हुए कहा कि इसमें भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृष्टि परिलक्षित होती है।
पटेल ने कहा कि बजट में युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों, मध्यम वर्ग, आदिवासियों, वरिष्ठ नागरिकों और दलितों सहित समाज के हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ केंद्र ने बुधवार को विकास केंद्रित बजट पेश किया। हमारे देश को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य के साथ-साथ, यह बजट भारत को एक विकसित देश बनाने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दृष्टि को प्रदर्शित करता है। गुजरात के लिए भी बजट फायदेमंद साबित होगा।”
उन्होंने हीरा और चीनी सहकारिता जैसे उद्योगों को राहत प्रदान करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया।
पटेल ने कहा, “ इस बजट से गुजरात में ‘गिफ्ट सिटी’, हीरा उद्योग, डेयरी सहकारिता और पशुपालन क्षेत्र को फायदा होगा। इस बजट के जरिए केंद्र ने देश के सहकारी चीनी उद्योग को 10,000 करोड़ रुपये की आयकर राहत प्रदान की है। इससे गुजरात में कई चीनी सहकारिता समितियों को फायदा होगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट मोदी सरकार के समावेशी विकास के संकल्प को दिखाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY