देश की खबरें | बसपा कार्यकर्ता आकाश आनन्द का हौसला बढाएं: मायावती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मंगलवार को पार्टी में गलती करने वालों को बाहर करने और सुधार के बाद वापस लिए जाने की परंपरा बताते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि अब आकाश आनन्द का हौसला जरूर बढाएं।
लखनऊ, 29 अप्रैल बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने मंगलवार को पार्टी में गलती करने वालों को बाहर करने और सुधार के बाद वापस लिए जाने की परंपरा बताते हुए कार्यकर्ताओं से कहा कि अब आकाश आनन्द का हौसला जरूर बढाएं।
बसपा प्रमुख ने अपने भतीजे आकाश आनन्द को दोबारा उत्तराधिकारी घोषित किया है।
हालांकि मायावती ने पहले आनंद को विवादों के कारण पार्टी से निकाल दिया था लेकिन माफी मांगने के बाद उन्हें फिर से बसपा में शामिल कर लिया गया।
मायावती ने मंगलवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “विदित है कि बसपा से जुडे़ कुछ लोग अपनी नासमझी, जोश व लापरवाही या विरोधी पार्टियों के षड्यन्त्र के बहकावे में आकर काफी गलती कर बैठते हैं, जिन्हें फिर पार्टी हित में सुधारने के लिए पार्टी की जिम्मेदारी से अलग करना तथा गम्भीर मामलों में निकालना भी पड़ता है।”
बसपा प्रमुख ने कहा, “उनमें (निकाले गये पार्टी सदस्यों) से कुछ में परिवर्तन आने व माफी मांगने के बाद फिर पार्टी व आंदोलन के हित में उन्हें वापस भी लेना पड़ता है। जब से पार्टी बनी है, ऐसा किया जाता रहा है, ऐसा अन्य पार्टियों में भी होता है।”
मायावती ने अपने भतीजे का जिक्र करते हुए सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, “ लेकिन आकाश आनन्द के मामले में खासकर बहुजन समाज के कुछ ‘स्वार्थी व बिकाऊ’ लोग, जिन्होंने पार्टी के वोटों को बांटने व पार्टी को कमजोर करने के लिए अपने दल व संगठन बनाये हुये हैं, वे इस बात का मीडिया में आए दिन गलत प्रचार करते रहते हैं।”
उन्होंने कहा, “ऐसे अवसरवादी व स्वार्थी तत्वों से पार्टी के लोग सतर्क रहें और आकाश आनन्द का अब हौसला बढाएं ताकि वह पार्टी के कार्यों में पूरे जी-जान से जुट जाएं।”
बसपा प्रमुख ने कहा, “इसी प्रकार, पार्टी में अन्य जो भी लोग वापस लिए गए हैं उन्हें भी पूरा आदर-सम्मान दिया जाए। ये पार्टी हित में है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 29, 2025 05:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

