देश की खबरें | बसपा ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में 68 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किये

नयी दिल्ली, चार जुलाई मायावती की अगुवाई वाली बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने इस साल उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कुल 68.64 करोड़ रुपये खर्च किये। तृणमूल कांग्रेस, राकांपा और माकपा के कुल चुनावी खर्च के मुकाबले बसपा का चुनावी खर्च नौ करोड़ रुपये अधिक है।

निर्वाचन आयोग को दिये गये चुनावी खर्च के ब्योरे में बसपा ने बताया कि गोवा, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में उसने 68,64,63,288 रुपये खर्च किये।

हालांकि बसपा को उत्तर प्रदेश की 403 सीट में से केवल एक सीट पर जीत हासिल हुई। तृणमूल कांग्रेस ने आयोग को सौंपी गई अपनी रिपोर्ट में बताया कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में उसने 47.54 करोड़ रुपये खर्च किये।

माकपा ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में अपना चुनावी खर्च 1.30 करोड़ रुपये बताया, जबकि शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने अपना खर्च 10.54 करोड़ रुपये बताया।

बसपा ने उत्तराखंड में दो सीट और पंजाब में एक सीट पर जीत हासिल की, जबकि गोवा-मणिपुर में उसका खाता तक नहीं खुल सका। बसपा, तृणमूल कांग्रेस, माकपा और राकांपा मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दल हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)