ताजा खबरें | बसपा सांसद ने कृषि कानूनों का क्रियान्वयन तीन साल तक स्थगित करने की मांग की

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद मलूक नागर ने शुक्रवार को लोकसभा में सरकार से आग्रह किया कि तीनों नये कृषि कानूनों का क्रियान्वयन तीन साल के लिए स्थगित किया जाए ताकि किसान आंदोलन का समाधान निकल सके।

नयी दिल्ली, 12 फरवरी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सांसद मलूक नागर ने शुक्रवार को लोकसभा में सरकार से आग्रह किया कि तीनों नये कृषि कानूनों का क्रियान्वयन तीन साल के लिए स्थगित किया जाए ताकि किसान आंदोलन का समाधान निकल सके।

उन्होंने शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाया।

उत्तर प्रदेश के बिजनौर से लोकसभा सदस्य ने कहा कि किसान आंदोलन कई महीनों से चल रहा है और इसमें किसान पिस रहे हैं। सरकार को जल्द निर्णय लेना चाहिए।

नागर ने सरकार से आग्रह किया, ‘‘सरकार पहले ही इन कानूनों का क्रियान्वयन डेढ़ साल तक स्थगित करने की बात कर चुकी है। अगर आप तीन साल के लिए टाल देते हैं तो मुझे लगता है कि कुछ न कुछ हल निकल जाएगा। इससे पूरी दुनिया में अच्छा संदेश जाएगा।’’

बसपा सांसद संगीता आजाद ने भी नागर की इस मांग का समर्थन किया।

शून्यकाल के दौरान भाजपा की मीनाक्षी लेखी ने महाराष्ट्र के एक नौसैन्य अधिकारी के कथित अपहरण और हत्या का मुद्दा उठाया और कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बहुत खराब है, लेकिन वहां की सरकार देश के लिए बात करने वाले अभिनेताओं के खिलाफ जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को भारत विरोधी ताकतों का साथ नहीं देना चाहिए।

बीजू जनता दल के भर्तृहरि महताब ने कहा कि कटक के रेवेनशॉ विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय घोषित किया जाए और इसे उत्कृष्ट संस्थान घोषित किया जाए।

बसपा के शिरोमणि राम वर्मा ने अपने संसदीय क्षेत्र श्रावस्ती में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना करने की मांग की।

भाजपा के वीरेंद्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के गांव को ‘सेनानी गांव’ घोषित किया जाए।

भाजपा के महेंद्र सोलंकी, संजय सेठ, वीरेंद्र कुमार, रमाशंकर कठेरिया और कुछ अन्य सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्रों तथा जनहित के दूसरे मुद्दे उठाए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\