देश की खबरें | बंगाल के सीमावर्ती इलाकों में बीएसएफ मतदाताओं को डराने का प्रयास कर रही है: ममता बनर्जी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पर ‘भगवा खेमे के इशारे पर’ राज्य के सीमावर्ती इलाकों में मतदाताओं को डराने का सोमवार को आरोप लगाया और पुलिस से उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा।
कूचबिहार (पश्चिम बंगाल), 26 जून पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) पर ‘भगवा खेमे के इशारे पर’ राज्य के सीमावर्ती इलाकों में मतदाताओं को डराने का सोमवार को आरोप लगाया और पुलिस से उनकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा।
सीमावर्ती जिले में पंचायत चुनाव के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि ‘कानून-व्यवस्था राज्य का विषय है’ और इसमें केंद्र की कोई भूमिका नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे जानकारी मिली है कि बीएसएफ के कुछ अधिकारी सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं, मतदाताओं को धमका रहे हैं और उन्हें वोट न देने के लिए कह रहे हैं। मैं लोगों से कहूंगी कि वे डरें नहीं और निडर होकर चुनाव में हिस्सा लें।’’
बीएसएफ द्वारा पिछले साल ग्रामीणों पर कथित गोलीबारी का जिक्र करते हुए बनर्जी ने कहा, ‘‘पुलिस ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज करेगी और कानून अपना काम करेगा।’’
बीएसएफ ने तब दावा किया था कि जिन लोगों पर गोलीबारी की गई वे तस्कर थे।
बनर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस आठ जुलाई के ग्रामीण चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मात देगी। उन्होंने कहा, ‘‘हम केंद्र में भाजपा को हराएंगे और देश में विकासोन्मुख सरकार लाएंगे।’’
बनर्जी ने कहा कि पार्टी ने चुनाव में अच्छी पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को उतारने पर जोर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम पंचायतों पर नजर रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि जमीनी स्तर पर कोई भ्रष्टाचार न हो।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 26, 2023 02:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

