ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक का परिवार भारत में जी-20 के भव्य स्वागत की तैयारी कर रहा
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक जी-20 विश्व नेताओं के शिखर सम्मेलन के लिए इस सप्ताह भारत आएंगे और वह नयी दिल्ली में अपने रिश्तेदारों से भव्य स्वागत की उम्मीद कर सकते हैं।
लंदन,6 सितंबर : ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक जी-20 विश्व नेताओं के शिखर सम्मेलन के लिए इस सप्ताह भारत आएंगे और वह नयी दिल्ली में अपने रिश्तेदारों से भव्य स्वागत की उम्मीद कर सकते हैं. ब्रिटेन के एक अखबार की खबर में यह कहा गया है. अखबार ‘द डेली टेलीग्राफ’ ने सप्ताहांत में खबर दी थी कि सुनक के रिश्तेदार फूलों के गुलदस्ते और पंजाबी संगीत पर ‘‘नॉन-स्टॉप डांस’’ के साथ एक दावत का आयोजन करेंगे. प्रधानमंत्री सुनक के मामा, 65 वर्षीय डॉ. गौतम देव सूद ने कहा कि उनके आगमन के उपलक्ष्य में सभी रिश्तेदारों को दिल्ली में आने के लिए कहा गया है. पंजाब से जुड़ाव रखने वाले सूद ने अखबार को बताया, ‘‘यह हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है कि वह अपनी पैतृक भूमि का दौरा करने वाले हैं.’’
सुनक के चाचा सुभाष बेरी ने कहा, ‘‘हम सटीक विवरण नहीं दे सकते, लेकिन (ब्रिटिश) प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए एक योजना बनाई गई है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम पूरी रात बिना रुके डांस की तैयारी कर रहे हैं, ज्यादातर पारंपरिक पंजाबी संगीत की जीवंत धुनों पर। हालांकि मुझे लगता है कि हम कुछ अंग्रेजी धुनों पर भी थिरक सकते हैं.’’ अखबार की खबर में कहा गया कि जी-20 शिखर सम्मेलन और इसके इतर द्विपक्षीय वार्ता के लिए शुक्रवार और रविवार के बीच काफी व्यस्तता के कारण सुनक के इस कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना नहीं है.
सुनक (43) का जन्म साउथेम्प्टन में माता-पिता यशवीर और उषा के घर हुआ था जिनकी जड़ें भारत में हैं। प्रधानमंत्री के रूप में सुनक की पहली भारत यात्रा पर उनकी भारतीय पत्नी अक्षता मूर्ति उनके साथ होंगी। अक्षता इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति और लेखिका सुधा मूर्ति की बेटी हैं. सुनक का परिवार जहां उत्तरी भारत में है, वहीं अक्षता मूर्ति के रिश्तेदार ज्यादातर कर्नाटक में रहते हैं।
इस शनिवार और रविवार को होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। खबरों के मुताबिक, सुनक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच द्विपक्षीय बैठक होने की उम्मीद है. यात्रा से पहले, सुनक ने इस सप्ताह प्रधानमंत्री कार्यालय ‘डाउनिंग स्ट्रीट’ में अपनी शीर्ष टीम के साथ एक कैबिनेट बैठक के दौरान द्विपक्षीय सहयोग के सभी क्षेत्रों में भारत को ब्रिटेन का ‘‘अनिवार्य भागीदार’’ बताया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 06, 2023 06:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

