विदेश की खबरें | ब्रिक्स देशों ने आतंकवाद से निपटने में ‘दोहरे मानदंडों’ को खारिज किया
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

जोहानिसबर्ग, 24 अगस्त ब्रिक्स देशों ने आतंकवाद से निपटने में ‘‘दोहरे मानदंडों’’ को खारिज करते हुए बृहस्पतिवार को आतंकवादियों की सीमा-पार गतिविधियों और आतंकवाद के वित्तपोषण समेत विभिन्न समस्याओं से निपटने के लिए काम करने का संकल्प लिया।

तीन दिवसीय ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका) शिखर सम्मेलन के अंत में जारी घोषणापत्र में कहा गया है कि समूह के नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र रूपरेखा के तहत अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद संबंधी व्यापक संधि को अपनाने का आह्वान किया।

घोषणापत्र में कहा गया है, ‘‘हम आतंकवादियों की सीमा-पार गतिविधियों और आतंकवाद के वित्तपोषण तथा आतंकवादियों के पनाहगाह समेत सभी रूपों में आतंकवाद से निपटने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

इसमें कहा गया है, ‘‘हम दोहराते हैं कि आतंकवाद को किसी धर्म, राष्ट्रीयता, सभ्यता या जातीय समूह से नहीं जोड़ा जाना चाहिए।’’

ब्रिक्स नेताओं ने अंतरराष्ट्रीय कानूनों खासतौर से संयुक्त राष्ट्र चार्टर और मानवाधिकार के लिए सम्मान के आधार पर आतंकवाद के खतरे से निपटने के वैश्विक प्रयासों में और योगदान देने की ‘‘अटूट प्रतिबद्धता’’ की पुष्टि की।

घोषणापत्र में कहा गया है, ‘‘हम आतंकवाद और आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले चरमपंथ से निपटने में दोहरे मानदंडों को खारिज करते हैं। हम आतंकवाद रोधी सहयोग मजबूत करने के लिए उत्साहित हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)